लखनऊ पुलिस मुख्यालय में तैनात ASI ने की आत्महत्या, कमरे में लटका मिला शव, मां ने लगाए गंभीर आरोप

Lucknow Suicide Case: लखनऊ से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पुलिस मुख्यालय में तैनात एक एएसआई ने आत्महत्या कर ली।

Update:2026-05-02 11:04 IST

Lucknow Suicide Case

Lucknow Suicide Case: लखनऊ से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पुलिस मुख्यालय में तैनात एक एएसआई ने आत्महत्या कर ली। यह घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अहिमामऊ गांव की है। मृतक एएसआई सतेंद्र वर्मा (34) अपने किराए के कमरे में फंदे से लटके हुए पाए गए। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे सूचना मिलने पर पुलिस ने तोड़कर खोला और शव को बाहर निकाला। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है।

सतेंद्र वर्मा मूल रूप से फतेहपुर जिले के तामेश्वर नगर के निवासी थे और लखनऊ में रहकर पुलिस मुख्यालय में एएसआई (एम) विभाग में कार्यरत थे। इसके साथ ही वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, पिछले दो दिनों से उनका फोन बंद आ रहा था, जिससे परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। शुक्रवार को उनके भाई देवेंद्र वर्मा कमरे पर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना के बाद मृतक की मां सुखरानी देवी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि करीब डेढ़ साल पहले सतेंद्र की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से वैदिका मिश्रा नाम की एक युवती से हुई थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया, जिसके चलते बात आगे नहीं बढ़ सकी। मां का आरोप है कि इसके बाद युवती सतेंद्र से लगातार पैसों की मांग करने लगी और उसके परिजन उन्हें धमकाते भी थे।

हालांकि, कमरे से मिले सुसाइड नोट में अलग ही बात सामने आई है। सतेंद्र वर्मा ने अपने नोट में लिखा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे और उन्होंने अपने जीवन से निराशा जताई है। उन्होंने अपने परिवार से माफी मांगते हुए यह भी स्पष्ट किया कि उनकी मौत के लिए कोई भी व्यक्ति जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2014 में भी वह कठिन दौर से गुजरे थे, लेकिन तब उन्होंने ऐसा कदम नहीं उठाया था।

मामले की जांच कर रहे राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सुसाइड नोट, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।  

Tags:    

Similar News