Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी ने जारी किया श्रीराम कथा के भव्य मंच का पोस्टर, 1 जून से लखनऊ में होगी रामकथा

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में 1 से 9 जून तक होने वाली जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की श्रीराम कथा के भव्य मंच का पोस्टर जारी किया। सीतापुर रोड स्थित बृज की रसोई परिसर में विशाल पंडाल का निर्माण जारी।

Update:2026-05-30 23:15 IST

Shri Ram Katha Lucknow (Image Credit-Newstrack)

लखनऊ, 30 मई। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित होने जा रही जगद्गुरु रामभद्राचार्य की श्रीराम कथा के भव्य मंच का पोस्टर जारी किया। यह नौ दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन 1 जून से 9 जून तक सीतापुर रोड स्थित बृज की रसोई परिसर में आयोजित किया जाएगा, जहां कथा के लिए विशाल पंडाल और विशेष मंच निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।

शनिवार को विधायक नीरज बोरा के नेतृत्व में आयोजन समिति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें श्रीराम कथा में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीराम मंदिर की अनुकृति पर आधारित भव्य कथा मंच के पोस्टर का विमोचन किया और आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

आयोजन समिति के अनुसार, कथा प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित की जाएगी। कथा स्थल को भव्य स्वरूप देने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। विशेष रूप से व्यास पीठ के पीछे श्रीराम मंदिर की आकर्षक प्रतिकृति तैयार की जा रही है, जिसे बंगाल से आए कारीगरों द्वारा आकार दिया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि यह मंच श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बताया कि कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करें और आध्यात्मिक वातावरण का हिस्सा बनें।

इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य राकेश पांडेय, संजीव अग्रवाल, श्यामजी अग्रवाल, सुनील अग्रवाल और मनोज अग्रवाल भी उपस्थित रहे। आयोजकों के मुताबिक, यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से राजधानी लखनऊ के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होगा, जिसमें प्रदेशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। 

Tags:    

Similar News