Lucknow Dog Attack News: पूर्व मेयर पर 10-12 कुत्तों का हमला, दौड़ाकर पैर और पीठ पर काटा
Lucknow Dog Attack News: लखनऊ में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में शहर के पूर्व मेयर सुरेश चंद्र अवस्थी आवारा कुत्तों के हमले का शिकार हो गए।
Lucknow Dog Attack News
Lucknow Dog Attack News: लखनऊ में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में शहर के पूर्व मेयर सुरेश चंद्र अवस्थी आवारा कुत्तों के हमले का शिकार हो गए। कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर पैर और पीठ पर कई जगह काट लिया, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद उन्होंने नगर निगम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
टहलने के दौरान किया हमला
जानकारी के अनुसार पूर्व मेयर सुरेश चंद्र अवस्थी अलीगंज क्षेत्र के महाकवि जयशंकर प्रसाद वार्ड के सेक्टर-क्यू चौराहे के पास रहते हैं। भोजन के बाद वह अपने घर के नजदीक कॉलोनी में टहल रहे थे। इसी दौरान 10 से 12 आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। कुत्तों ने उनके पैर और पीठ पर कई जगह काट लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें कुत्तों के चंगुल से बचाया।
इलाके में कुत्तों का बढ़ता आतंक
घटना के बाद सुरेश चंद्र अवस्थी ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। आए दिन किसी न किसी व्यक्ति पर कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इलाके में एक महिला ने 10 से 12 कुत्तों को पाल रखा है, लेकिन उनके लिए आवश्यक लाइसेंस नहीं बनवाया गया है। इससे स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
नगर निगम से कार्रवाई की मांग
पूर्व मेयर ने नगर निगम के पशु कल्याण विभाग से शिकायत कर आवारा कुत्तों को पकड़ने और क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुत्तों की बढ़ती संख्या के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए सड़कों पर निकलना मुश्किल होता जा रहा है। नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम को मौके पर भेजा गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय निवासी अब उम्मीद कर रहे हैं कि नगर निगम जल्द ही आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान निकालेगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।