‘गांधीगिरी’ के बाद अब ‘राहुलगिरी’, राहुल जी कहीं भी-कभी भी बैठ जाते हैं: केशव प्रसाद मौर्य

Keshav Prasad Maurya: राहुल गांधी के संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठने पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसा। एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने कांग्रेस की राजनीति को ‘गांधीगिरी’ से ‘राहुलगिरी’ तक पहुंचने वाला बताया।

Update:2026-08-21 17:55 IST

Keshav Prasad Maurya 

Keshav Prasad Maurya: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दिल्ली के संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठने को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसा है। मौर्य ने एक्स पोस्ट के जरिए राहुल गांधी और कांग्रेस की राजनीति पर निशाना साधते हुए इसे ‘राहुलगिरी’ करार दिया।

केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर लिखा, “गांधीगिरी के लिए कभी जानी जाने वाली कांग्रेस अब राहुलगिरी के लिए जानी जाती है। कांग्रेस को बिठाते-बिठाते राहुल जी अब खुद भी कहीं भी, कभी भी बैठ जाते हैं।”

दरअसल, राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे थे। वह जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल के मामले में जानकारी लेने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने गए थे। राहुल अपने साथ पैलेट गन से घायल होने का दावा करने वाले साहिल लोहबच को भी लेकर पहुंचे थे।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। बताया गया कि उन्होंने दिल्ली पुलिस की ज्वाइंट कमिश्नर नूपुर प्रसाद से मुलाकात कर कई शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।

राहुल के धरने की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौके पर पहुंच गए। इनमें प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश समेत कई नेता शामिल रहे। राहुल के लिए थाने के बाहर कुर्सी लगाई गई और मौके पर बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी तथा सुरक्षाकर्मी भी मौजूद रहे।

इसी घटनाक्रम को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर राजनीतिक कटाक्ष किया है। उनके बयान के बाद एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

Tags:    

Similar News