'मेरी नहीं हुई तो...' शादी से मना करने पर सनकी बना आशिक! युवती पर फेंका तेजाब, मां पर चाकू से हमला
Lucknow Acid Attack: लखनऊ के उदयगंज में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने युवती और उसके परिवार पर तेजाब फेंक दिया। जब मां ने इस हमले का विरोध किया तो आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। तीन घायलों का KGMU ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
Udayganj Acid Attack
Lucknow Acid Attack: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार तड़के एकतरफा प्यार और शादी के दबाव से जुड़ी खौफनाक वारदात सामने आई है। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के उदयगंज में एक युवक ने युवती के घर में घुसकर उस पर तेजाब फेंक दिया। परिवार के लोग बचाने पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें भी नहीं बख्शा। युवती की मां ने विरोध किया तो युवक ने चाकू से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में चीख-पुकार मच गई।
घटना रविवार सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तेजाब हमले में घायल युवती और उसके परिवार के तीन सदस्यों को इलाज के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
शादी से इनकार करने पर घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक काफी समय से युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था। युवती ने जब उसकी बात मानने से इनकार कर दिया तो वह नाराज हो गया। आरोप है कि इसी गुस्से में रविवार तड़के करीब चार बजे वह युवती के घर पहुंचा और अंदर घुसकर उस पर तेजाब फेंक दिया।
युवती की आवाज सुनकर उसके माता-पिता बचाने के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन पर भी तेजाब से हमला कर दिया। इस दौरान युवती की मां ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो उसने चाकू निकाल लिया। आरोपी ने मां के चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
KGMU में चल रहा इलाज
इस हमले में युवती समेत परिवार के तीन लोग तेजाब से झुलस गए। वहीं, युवती की मां को चाकू से भी चोटें आई हैं। परिवार की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया गया।
सूचना मिलने पर हुसैनगंज थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। तीनों घायलों को KGMU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद उदयगंज इलाके में दहशत का माहौल है।