Lucknow Protest: सपा सांसद के बयान पर भड़की BJP महिला मोर्चा, DM ऑफिस के बाहर जोरदार प्रदर्शन
Lucknow Protest: प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मेयर संयुक्ता भाटिया ने किया।
Lucknow Protest (photo: Newstrack)
Lucknow Protest: लखनऊ के कैसरबाग स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर आज शुक्रवार को भाजपा जिला महानगर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हमीरपुर-महोबा से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मेयर संयुक्ता भाटिया ने किया।
समाजवादी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर समाजवादी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सपा नेताओं की भाषा लगातार मर्यादा की सीमाएं पार कर रही है और प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
पूर्व मेयर ने की अखिलेश यादव से माफ़ी की मांग
पूर्व मेयर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा इस तरह की बयानबाजी को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने मांग की कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव और संबंधित सांसद सार्वजनिक रूप से देशवासियों से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत और अभद्र टिप्पणियां लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं।
मौके पर पुलिस बल भी तैनात
बता दे, प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सपा नेतृत्व ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।