Lucknow News : चलती मेट्रो में बच्चों के आधार कार्ड बनाकर लखनऊ बना देश का पहला शहर
Lucknow News : चलती मेट्रो में बच्चों के आधार कार्ड बनाकर लखनऊ ने बाल दिवस पर इतिहास रचा, देश में पहली बार मेट्रो में आधार एनरोलमेंट की सुविधा शुरू।
Lucknow News ( Image - Credit- Newstrack )
Lucknow News : बाल दिवस के अवसर पर लखनऊ मेट्रो ने बच्चों को एक अनोखा और यादगार तोहफा दिया। शुक्रवार को यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने शहर में पहली बार चलती मेट्रो ट्रेन के अंदर छोटे बच्चों के आधार कार्ड बनाए। इस अनूठी पहल के साथ लखनऊ देश का पहला शहर बन गया, जहां सफ़र के दौरान ही आधार कार्ड बनाने की सुविधा दी गई।
बाल दिवस पर आयोजित इस विशेष अभियान में कई स्कूलों के बच्चों को मेट्रो में फ्री राइड कराई गई। जैसे ही ट्रेन आइटी डिपो से अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई, कोच के एक हिस्से को आधार एनरोलमेंट सेंटर के रूप में तैयार कर दिया गया। प्रशिक्षित कर्मचारियों ने चलती ट्रेन में ही बच्चों की फिंगरप्रिंट स्कैनिंग, फोटो कैप्चर और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की। इससे बच्चों को न केवल तकनीक और सिस्टम के बारे में जानने का मौका मिला, बल्कि उनकी यात्रा भी रोमांचक बन गई।
अभियान का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना और आधार जैसी महत्वपूर्ण पहचान प्रक्रिया को उनके लिए आसान बनाना था। मेट्रो के अधिकारियों का कहना है कि यह देश में अपनी तरह की पहली पहल है, जिससे लोगों को सरकारी सेवाओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ मेट्रो में यात्रा के अनुभव को भी बेहतर बनाया जा रहा है। बाल दिवस पर हुई इस मुहीम ने न केवल बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाई, बल्कि लखनऊ मेट्रो को देश में एक नई मिसाल पेश करने का मौका भी दिया।