Lucknow News: ओमैक्स रेसिडेंसी फिर विवादों में, अर्जुनगंज में सार्वजनिक सड़क पर कब्जे को लेकर बवाल

Lucknow News: लखनऊ के अर्जुनगंज में ओमैक्स रेसिडेंसी पर सार्वजनिक सड़क और नाले पर अवैध कब्जे का आरोप। बवाल के बाद स्थानीय लोगों ने एलडीए के टेंडर और प्रशासन की चुप्पी पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

Update:2026-06-19 17:04 IST

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के अर्जुनगंज स्थित सरसवां क्षेत्र में रियल एस्टेट कंपनी ओमैक्स एक बार फिर विवादों में घिर गई है। स्थानीय निवासियों ने कंपनी प्रबंधन पर सार्वजनिक सड़क और नाले पर कथित रूप से अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। मामला उस समय और गंभीर हो गया जब बिल्डर पक्ष पर सार्वजनिक मार्ग को बुलडोजर से क्षतिग्रस्त करने की कोशिश का आरोप लगा, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि ओमैक्स रेसिडेंसी प्रबंधन की ओर से वकीलों और बाहरी लोगों का एक दल मौके पर पहुंचा था। जब स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक सड़क पर किए जा रहे निर्माण कार्य का विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि विरोध दर्ज कराने वालों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

एलडीए के टेंडर को लेकर उठे सवाल

विवाद के केंद्र में वह सड़क है, जिसका उपयोग वर्षों से आम नागरिक आवागमन के लिए करते रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस मार्ग के विकास और निर्माण के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) पहले ही टेंडर जारी कर चुका है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि यदि यह सार्वजनिक मार्ग है और प्राधिकरण इसके विकास की योजना बना चुका है, तो किसी निजी बिल्डर को इसे खोदने या अपने कब्जे में लेने का अधिकार कैसे मिल गया।

प्रशासन की चुप्पी पर सवाल

पूरे मामले में एलडीए अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क और नाले से जुड़े विवाद पर अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है। लोगों का तर्क है कि यदि संबंधित भूमि निजी स्वामित्व में है तो एलडीए ने उसके विकास के लिए टेंडर क्यों जारी किया, और यदि वह सार्वजनिक संपत्ति है तो उस पर कथित अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।

फिलहाल सड़क, नाले और बुलडोजर विवाद के बीच क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। स्थानीय निवासियों ने शासन और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Tags:    

Similar News