'इसको उड़वा दूंगा, उसको उठवा लूंगा...' अखिलेश के बयानों पर भड़के राजभर, आजम खान की दिलाई याद

Om Prakash Rajbhar: यूपी के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव की भाषा को गुंडागर्दी वाली बताते हुए उन पर निशाना साधा। आजम खान का नाम लेकर सरकारी कर्मचारियों और पुलिस के अपमान का मुद्दा भी उठाया। जानिए राजभर ने और क्या कहा।

Update:2026-11-22 13:03 IST

Om Prakash Rajbhar

Om Prakash Rajbhar: उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी भाषा को 'गुंडागर्दी वाली' बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की मानसिकता हमेशा सरकारी कर्मचारियों को गुलाम समझने की रही है। राजभर ने अखिलेश के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस अधिकारियों को अपमानित करने वाली भाषा उन लाखों युवाओं का मनोबल तोड़ती है, जो सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे हैं।

राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अखिलेश यादव के 'इसको उड़वा दूंगा', 'उसको उठवा लूंगा' और 'पुलिस से स्टेपनी बदलवाऊंगा' जैसे बयानों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अच्छी संगत से ही अच्छी भाषा आती है। अखिलेश यादव की बड़ी-बड़ी डींगों पर उनके लोफर लोडर ही तालियां बजा सकते हैं।

आजम खान का नाम लेकर अखिलेश को दी सलाह

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को रामपुर वाले 'चचाजान' यानी आजम खान से एक्सपर्ट एडवाइस लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दस साल पहले आजम खान भी अखिलेश की तरह ही थे। वह सरकारी कर्मचारियों को गुलाम समझते थे, पुलिस से अपनी भैंस ढूंढवाते थे और कर्मचारियों को 'तनखइया' कहकर संबोधित करते थे।

राजभर ने कहा कि दस साल बीतने के बाद भी आजम खान की जुबान पूरी तरह नहीं बदली है, लेकिन पहले के मुकाबले नरम जरूर हुई है। उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि क्या आजम खान आज भी सरकारी कर्मचारियों को 'तनखइया' समझते हैं और क्या उनसे जूते साफ कराएंगे?

'सरकारी नौकरी वालों को गुलाम बनाने का सपना छोड़ दीजिए'

राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लाखों युवा मेहनत और लगन के साथ सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस और सरकारी कर्मचारियों के लिए धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करना उनके मनोबल को कमजोर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में पूरे सरकारी सिस्टम को सैफई सिंडिकेट और उसके माफियातंत्र ने गुलाम बनाकर रखा था। उस दौर में सरकारी नौकरी करने वालों को 'तनखइया' और 'गुलाम' समझा जाता था।

योगी सरकार में युवाओं की योग्यता से हुई पुलिस भर्ती: राजभर

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़ी संख्या में युवा अपनी मेहनत और योग्यता के दम पर भर्ती हुए हैं। ये पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की मदद करने के लिए काम कर रहे हैं। राजभर ने दावा किया कि प्रदेश में अब माफियाराज समाप्त हो चुका है।

उन्होंने अखिलेश यादव को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों को अपना गुलाम समझने और उनसे मनमाने तरीके से काम कराने का सपना अब छोड़ देना चाहिए।

Tags:    

Similar News