सोशल मीडिया पर राजा भैया के खिलाफ अभद्र टिप्पणी से भड़का आक्रोश, हजरतगंज थाने में तहरीर

राजा भैया के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी से समर्थकों में नाराजगी। जनसत्ता दल के जिलाध्यक्ष ने हजरतगंज थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ FIR और सख्त कार्रवाई की मांग की।

Update:2026-11-16 18:43 IST

 Raghuraj Pratap Singh Raja Bhaiya News

​लखनऊ: कुंडा विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर राजधानी में समर्थकों का आक्रोश फूट पड़ा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाध्यक्ष ने हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी है और आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग उठाई है

हजरतगंज थाने में दी गई तहरीर में जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानबूझकर एक नेता की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी से न केवल राजा भैया की व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची है, बल्कि प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाएं भी आहत हुई हैं।


अभद्र भाषा बर्दाश्त नहीं: समर्थक

पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर सोशल मीडिया पर किसी की मानहानि करना और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना कानूनन अपराध है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और अकाउंट की जांच कर दोषी के विरुद्ध जल्द से जल्द सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की पुनरावृत्ति न कर सके।

​हजरतगंज पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट के साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News