यूपी में SP-कांग्रेस गठबंधन पर अखिलेश का बड़ा अपडेट, 26 सीटों से शुरू हुई बात!
यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान तेज। अखिलेश यादव ने 26 जीतने वाली सीटों से शुरुआत की बात कही, जबकि कांग्रेस 131 सीटें मांग रही है। इमरान मसूद ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी।
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। दोनों दल INDIA गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सीटों की संख्या को लेकर शुरुआती बातचीत में ही बड़ा अंतर सामने आ गया है। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस करीब 130-131 सीटों पर अपनी दावेदारी जता रही है।
इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गठबंधन की बातचीत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ किया कि गठबंधन का मकसद केवल चुनाव जीतना है और इसके लिए दोनों दलों को आपसी तालमेल के साथ फैसले लेने होंगे।
अखिलेश बोले- जीतने वाली 26 सीटों से हुई शुरुआत
मंगलवार को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन का एकमात्र उद्देश्य चुनाव जीतना है। गठबंधन में दोनों दलों को एक-दूसरे के लिए जरूरी समझौते और समायोजन करने होंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी जैसी राजनीतिक मशीनरी को चुनौती देने के लिए सही रणनीति बनाना जरूरी है।
इससे पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर भी 26 सीटों के प्रस्ताव को लेकर संकेत दिया था। उन्होंने कहा कि जीतने वाली 26 सीटों से शुरुआत हुई है। उनके इस बयान को कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत में सपा के शुरुआती प्रस्ताव के तौर पर देखा जा रहा है।
कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर, इन सीटों पर है नजर
सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने बताया कि कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों की सूची दी गई है। इसमें दो ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इनमें रामपुर खास और फरेंदा शामिल हैं।
इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। इनमें मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर शामिल हैं।
बाकी 20 सीटों में बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा नॉर्थ, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं।
सपा का तर्क है कि सीटों का चयन दोनों दलों की पिछली चुनावी स्थिति और जीतने की संभावनाओं को ध्यान में रखकर किया गया है।
इमरान मसूद ने 26 सीटों पर जताई नाराजगी
दूसरी तरफ, कांग्रेस की ओर से सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव पर नाराजगी जाहिर की गई है। कांग्रेस सांसद और प्रदेश में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने दो टूक कहा कि कांग्रेस किसी से सीटों की भीख नहीं मांग रही है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा आपसी सहयोग और सम्मान के आधार पर होना चाहिए। कांग्रेस अब 2022 वाली स्थिति में नहीं है और 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश में उसकी राजनीतिक स्थिति मजबूत हुई है।
कांग्रेस का मानना है कि लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन और राहुल गांधी की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती राजनीतिक भूमिका को देखते हुए उसे विधानसभा चुनाव में अधिक सीटें मिलनी चाहिए।
दो दौर की बातचीत के बाद भी नहीं निकला नतीजा
सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच सोमवार और मंगलवार को बातचीत हुई। मंगलवार को हुई बैठक करीब साढ़े तीन घंटे तक चली। हालांकि, अभी तक सीटों की संख्या पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी है।
कांग्रेस की ओर से राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा मोना, इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी बातचीत में शामिल हैं। वहीं, सपा की तरफ से रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय, अवधेश प्रसाद और इकरा हसन को जिम्मेदारी दी गई है।
सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने भरोसा जताया है कि अगले दो दौर की बातचीत में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया जा सकता है।
2027 से पहले गठबंधन की पहली बड़ी परीक्षा
यूपी विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। ऐसे में कांग्रेस की 130 से अधिक सीटों की मांग और सपा के 26 सीटों के शुरुआती प्रस्ताव के बीच बड़ा अंतर है।
2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़कर केवल दो सीटें जीती थीं, जबकि समाजवादी पार्टी को 111 सीटों पर जीत मिली थी। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन ने यूपी में बेहतर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने अपनी लड़ी गई 17 सीटों में से छह पर जीत हासिल की, जबकि सपा ने 37 सीटें जीतीं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 2024 के लोकसभा चुनाव की सफलता को आधार बनाकर कांग्रेस कितनी सीटें हासिल कर पाती है और अखिलेश यादव गठबंधन में उसे कितनी जगह देने को तैयार होते हैं। फिलहाल, दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है और अंतिम सीट बंटवारे पर फैसला होना बाकी है।