भाजपा हटेगी तो संविधान और जनता के सम्मान पर मंडरा रहा संकट मिटेगा : अखिलेश यादव

Lucknow News: अखिलेश यादव ने भाजपा पर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर करने का आरोप लगाया। सपा अब अधिकारियों की भूमिका समेत 15 बिंदुओं पर चुनाव आयोग से शिकायत करेगी।

Update:2026-11-21 16:21 IST

फोटो-सोशल मीडिया

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आज संविधान के तहत जनता को मिलने वाले सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना सबसे बड़ा संकट बन गया है। इस संकट की वजह केवल भारतीय जनता पार्टी है। भाजपा सत्ता से हटेगी तो यह संकट भी समाप्त हो जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कुछ अधिकारी पुलिस प्रशासन में रहते हुए भाजपा के पदाधिकारी की तरह काम कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों की भूमिका को लेकर समाजवादी पार्टी चुनाव आयोग को शिकायत भेजेगी। इसके लिए पार्टी अपने विधायकों, एमएलसी, राज्यसभा और लोकसभा सदस्यों के हस्ताक्षर के साथ उदाहरणों सहित विस्तृत पत्र तैयार करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों से लगातार कुछ अधिकारी भाजपा के पक्ष में काम कर रहे हैं और चुनाव के दौरान भी उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से नहीं हटाया जाता।


सपा अध्यक्ष ने मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए आधार कार्ड को वोटर लिस्ट से जोड़ने और बायोमेट्रिक सत्यापन कराने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि आज तकनीक इतनी विकसित हो चुकी है कि मतदाताओं की पहचान का सत्यापन आसानी से किया जा सकता है। सरकार आखिर बायोमेट्रिक सत्यापन कराने से क्यों बच रही है?

चुनाव आयोग को भेजेंगे 15 बिंदुओं पर शिकायत

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग की भूमिका और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े करीब 15 बिंदु उनके पास हैं। इन सभी मुद्दों पर अलग से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तार से बात की जाएगी। गोरखपुर से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि दो दिन के शोक के बाद वह इस विषय पर भी विस्तार से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के नेता भी जानते हैं कि इस बार जनता उन्हें सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। चुनाव की तारीख घोषित होने का इंतजार जनता कर रही है। अखिलेश ने कहा कि जिस दिन चुनाव की तारीख घोषित होगी, उसी दिन भाजपा की हार तय हो जाएगी।

Tags:    

Similar News