अब घर बैठे खुद दर्ज करें जनगणना का ब्योरा, सीएम योगी कल करेंगे स्व-गणना अभियान की शुरुआत
Lucknow News: जनगणना-2027 के तहत यूपी में 16 नवंबर से स्व-गणना अभियान शुरू होगा। सीएम योगी लोकभवन में इसकी शुरुआत करेंगे। 30 नवंबर तक लोग ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार और आवास का विवरण।
Lucknow News: जनगणना-2027 के तहत उत्तर प्रदेश में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया का शुभारंभ सोमवार (16 नवंबर) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री इस अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विधायक जय देवी, डॉ. नीरज बोरा, डॉ. राजेश्वर सिंह, ओ.पी. श्रीवास्तव, योगेश शुक्ला, अमरेश कुमार समेत अन्य नेतागण मौजूद रहेंगे।
16 से 30 नवंबर तक चलेगा स्व-गणना अभियान
देश की पहली डिजिटल जनगणना के दूसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इसके माध्यम से लोग घर बैठे ही ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
आधिकारिक पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे विवरण
स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in जारी किया गया है। इस पर सबसे पहले भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद लोग पोर्टल पर अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।