28 साल बाद फैसला: आगजनी और बलवा मामले में पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल को 3 साल की सजा
Lucknow News: लखनऊ के व्यापार कर भवन में 1998 में हुई आगजनी और बलवा मामले में पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल को विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने तीन साल की सजा सुनाई।
पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल (फोटो-सोशल मीडिया)
Lucknow News: कानून के हाथ लंबे होते हैं और न्याय की प्रक्रिया में देरी भले ही हो जाए, लेकिन दोषियों को अंजाम तक जरूर पहुंचाया जाता है। लखनऊ की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने करीब तीन दशक पुराने एक हाई-प्रोफाइल मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए वरिष्ठ व्यापारी नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल को तीन साल के कारावास की सजा सुनाई है। साल 1998 में हजरतगंज स्थित व्यापार कर भवन में हुए हिंसक प्रदर्शन, सरकारी अधिकारियों से मारपीट और आगजनी के मामले में अदालत ने उन्हें दोषी करार दिया है। इस फैसले के बाद प्रदेश के व्यापारिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
क्या था 28 साल पुराना पूरा मामला?
अभियोजन पक्ष के अनुसार यह घटना 12 अगस्त 1998 की है। उस दिन व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ किसी मुद्दे को लेकर विरोध दर्ज कराने हजरतगंज स्थित व्यापार कर भवन पहुंचे थे। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और भीड़ ने कानून हाथ में ले लिया।
आरोप है कि कंछल और उनके समर्थकों ने परिसर में मौजूद सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ जमकर अभद्रता और मारपीट की। उपद्रवियों ने सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाते हुए भवन में जमकर तोड़फोड़ की और परिसर में खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति उस वक्त और भयावह हो गई, जब प्रदर्शनकारियों ने व्यापार कर अधिकरण के अध्यक्ष की सरकारी एम्बेसडर कार को आग के हवाले कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया था।
इन धाराओं में चले मुकदमे के बाद सुनाई गई सजा
घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में बलवा करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आगजनी करने, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। चूंकि मामला पूर्व सांसद से जुड़ा था, इसलिए इसकी सुनवाई लखनऊ की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही थी।
लगभग 28 वर्षों तक चली लंबी कानूनी बहस, गवाहों के बयानों और अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए ठोस सबूतों के आधार पर अदालत ने बनवारी लाल कंछल को दोषी माना। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधि या किसी संगठन के नेता होने के नाते कानून व्यवस्था को चुनौती देने और सरकारी संपत्ति को नष्ट करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। इसके साथ ही अदालत ने उन्हें तीन वर्ष की कैद की सजा सुनाई।