जमीन की पैमाइश के विवाद में पड़ोसी ने चलाईं तीन गोलियां, युवक गंभीर रूप से घायल

Lucknow News: लखनऊ के कटरा बक्कास गांव में जमीन की पैमाइश को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि पड़ोसी ने लाइसेंसी पिस्टल से नईम पर तीन गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गया।

Update:2026-11-23 17:27 IST

Lucknow News: ​लखनऊ नसुशांत गोल्फ सिटी इलाके के कटरा बक्कास गांव में जमीन की पैमाइश को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से पैदल ही फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

​कटरा बक्कास गांव में नईम ने जमीन खरीदी है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह उक्त जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान बगल की जमीन के मालिक, आलमबाग निवासी सरदार सुखविंदर सिंह वहां पहुंचे और बिना पैमाइश कराए निर्माण शुरू करने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

​बताया जाता है कि विवाद बढ़ने पर सुखविंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर नईम पर बैक-टू-बैक तीन गोलियां चला दीं और फरार हो गए। तीनों गोलियां नईम के सीने के नीचे दाहिनी तरफ लगीं। गंभीर हालत में उन्हें मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।

​पुलिस के अनुसार, घायल नईम ने बताया कि वह आरोपी को पहले से नहीं जानते थे। मौके पर मौजूद लोगों ने भी गोली मारने के बाद आरोपी के पैदल भागने की पुष्टि की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आलमबाग थाना क्षेत्र का रहने वाला है और शताब्दी अस्पताल, अर्जुनगंज में आईसीयू इंचार्ज के पद पर कार्यरत है। वह सोमवार सुबह करीब 10 बजे अस्पताल से बाइक लेकर जमीन पर काम कराने की बात कहकर निकला था।

​एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News