Mahoba News: छेड़खानी की शिकायत से बौखलाए दबंग, सरेआम मां और दोनों बेटियों को लात-घूंसों से पीटा

Mahoba News: खन्ना थाना क्षेत्र में मां-बेटियों से मारपीट का आरोप है। पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। 33 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

By :  Imran Khan
Update:2026-11-10 18:41 IST

छेड़खानी की शिकायत से बौखलाए दबंग, सरेआम मां और दोनों बेटियों को लात-घूंसों से पीटा (Photo- Newstrack)

Mahoba News: महोबा में दबंगों की गुंडई का मामला सामने आया है। पूर्व में छेड़खानी की शिकायत से बौखलाए दबंगों और उनके परिजनों ने सरेआम किशोरी, उसकी मां और बहन के साथ लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। घटना का 33 सेकंड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस कार्रवाई न होने से आहत पीड़िता न्याय की गुहार लगाने एसपी कार्यालय पहुँची।

महोबा जनपद के खन्ना थाना क्षेत्र के पचपहरा गांव में कानून और पुलिस का खौफ किस कदर खत्म हो चुका है, इसकी बानगी पेश करती एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पूर्व में दबंग युवकों द्वारा की गई छेड़खानी की शिकायत करने से बौखलाए दबंगों और उसके परिवार ने पीड़िता, उसकी मां और बहन को सरेआम बेरहमी से पीट दिया। मामला 8 नवंबर का है, जब पीड़िता की 15 वर्षीय पुत्री पानी भरने जा रही थी। रास्ते में गांव के ही विकास और विपिन ने पुरानी शिकायत पर राजीनामा का दबाव बनाते हुए उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

दबंगों ने ढ़ाया कहर 

हद तो तब हो गई जब किशोरी को घसीटने का प्रयास किया गया। चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची मां और छोटी बहन को भी हरिश्चंद्र, वंदना, खुशबू और सुशीला समेत अन्य लोगों ने लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। इस खौफनाक मारपीट में तीनों मां-बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनके कान पर चोट लगने और चूड़ियां तक टूटने की बात सामने आई है।

पीड़िता का आरोप है कि इससे पहले 6 नवंबर को भी आरोपियों ने छेड़खानी कर कपड़े फाड़े थे, जिसकी शिकायत खन्ना थाने में दी गई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की निष्क्रियता के कारण दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। जिसका वीडियो भी सामने आया है जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

थानों के चक्कर काटने के बाद आखिरकार न्याय की उम्मीद लिए पीड़ित मां और दोनों बेटियां महोबा एसपी कार्यालय पहुँचीं। एसपी के समक्ष अपनी पीड़ा रखते हुए उन्होंने आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। 

Tags:    

Similar News