Mahoba News: दहेज की भेंट चढ़ी विवाहिता, अपाचे बाइक और 2 लाख नगद न देने पर फांसी, हत्या का आरोप
Mahoba News: महोबा के टिकरिया गांव में 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके पक्ष ने पति समेत पांच लोगों पर अतिरिक्त दहेज की मांग और हत्या के आरोप लगाए, पुलिस जांच में जुटी है।
दहेज की भेंट चढ़ी विवाहिता, अपाचे बाइक और 2 लाख नगद न देने पर फांसी, हत्या का आरोप (मृतका की फाइल फोटो) (Photo- Newstrack)
Mahoba News: महोबा जनपद के थाना श्रीनगर क्षेत्र के टिकरिया गांव में 22 वर्षीय विवाहिता इमरती राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटककर मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति, सास, ससुर, जेठ और देवर पर अपाचे बाइक व 2 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज न देने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया।
शादी के बाद से चल रहा था विवाद
पहाड़िया गांव निवासी इमरती का विवाह जुलाई 2024 में टिकरिया निवासी जगत सिंह से हुआ था। परिजनों के मुताबिक शादी में हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया गया। जमीन गिरवी रखकर 2 लाख रुपये नगद भी दिए गए थे।
मृतका के भाई कृष्ण कुमार का आरोप है कि शादी के बाद भी ससुराल वाले गहनों को खराब बताकर ताने देते और पति शराब पीकर मारपीट करता था। अतिरिक्त दहेज में पति अपाचे बाइक और 2 लाख रुपये की मांग कर रहा था। प्रताड़ना से बचाने के लिए परिजनों ने जमीन के कागज गिरवी रखकर दो बार में 90 हजार रुपये और दिए, लेकिन दहेज की मांग नहीं रुकी।
इमरती के 6 महीने का बेटा भी है। मौत से तीन दिन पहले इमरती ने पिता प्रेमनारायण को फोन कर अनहोनी की आशंका जताई थी। पिता ने कर्ज लेकर पैसे देने का आश्वासन दिया था, लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई।
मायके पक्ष हत्या है, आत्महत्या नहीं
मृतका की बहन मालती और अन्य परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज हत्या है। शव लेने टिकरिया गांव पहुंचने पर ससुराल वालों ने उन्हें शव नहीं देखने दिया और भगा दिया। परिजनों ने मृतका के गले और शरीर पर चोट के निशान होने का भी दावा किया है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर श्रीनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। मायके पक्ष ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।