Mainpuri News: मैनपुरी में छात्रा का आरोप- घर में घुसकर की मारपीट और छेड़छाड़, परिवार को दी धमकी

Mainpuri News: मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा ने युवकों पर पीछा करने, छेड़छाड़, घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार ने एसपी से न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Update:2026-05-22 20:39 IST

Mainpuri News: मैनपुरी जनपद के बेवर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा ने कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। छात्रा का आरोप है कि लंबे समय से कुछ युवक उसका पीछा कर रहे थे, रास्ते में रोककर अश्लील बातें करते थे और विरोध करने पर उसके परिवार को धमकियां देने लगे। मामला उस समय और गंभीर हो गया जब आरोपियों ने कथित रूप से छात्रा के घर में घुसकर मारपीट और अभद्रता की। घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो उन्हें पलायन तक करना पड़ सकता है।

छात्रा ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह इंटर कॉलेज में पढ़ाई करती है। आरोप है कि कॉलेज आते-जाते समय कुछ युवक उसका पीछा करते थे और रास्ते में रोककर छेड़छाड़ करते थे। छात्रा के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया और एक युवक से बातचीत करने से मना कर दिया, तभी से आरोपी उससे रंजिश मानने लगे।

पीड़िता का आरोप है कि 19 मई की दोपहर आरोपी युवक अपने कुछ साथियों के साथ लाठी-डंडे, सरिया और तमंचा लेकर उसके घर पहुंच गए। वहां उन्होंने घर में घुसकर छात्रा के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की। छात्रा की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां और भाई बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी।

परिवार का कहना है कि आरोपियों ने खुद को एक राजनीतिक दल से जुड़ा बताते हुए हरिजन एक्ट में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने घटना का वीडियो होने का दावा किया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। उल्टा अगले ही दिन छात्रा के भाई के खिलाफ हरिजन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जिससे परिवार और ज्यादा भयभीत हो गया।

अब पीड़ित परिवार ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Tags:    

Similar News