Mainpuri:फार्मर रजिस्ट्री अभियान में लापरवाही, जन सुविधा केंद्र संचालक की आईडी ब्लॉक करने के निर्देश
Mainpuri News: मैनपुरी में फार्मर रजिस्ट्री अभियान के दौरान लापरवाही मिलने पर डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने करहल के जन सुविधा केंद्र संचालक की आईडी तत्काल ब्लॉक करने के निर्देश दिए।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी में फार्मर रजिस्ट्री अभियान के दौरान लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने तहसील करहल के ग्राम पलोखरा स्थित जन सुविधा केंद्र के संचालक की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उसकी आईडी तत्काल ब्लॉक करने के निर्देश जिला प्रबंधक सीएससी ई-गवर्नेंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह कार्रवाई अपर जिलाधिकारी द्वारा फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत लगाए गए विशेष शिविरों के निरीक्षण के दौरान की गई। निरीक्षण में ग्राम पलोखरा का जन सुविधा केंद्र बंद मिला और संचालक नरेंद्र सिंह निर्धारित समय पर कैंप में उपस्थित नहीं थे। मौके पर मौजूद लेखपाल ने उन्हें कई बार फोन कर बुलाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद वह शिविर स्थल पर नहीं पहुंचे। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि किसानों की अधिक से अधिक फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के लिए पूरे जनपद में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। ऐसे में जन सुविधा केंद्र संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे समय पर केंद्र खोलें और किसानों को रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि कुछ संचालकों की लापरवाही के कारण अभियान की गति प्रभावित हो रही है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।डीएम ने जिला प्रबंधक सीएससी को निर्देश दिए हैं कि सभी जन सुविधा केंद्र निर्धारित समय पर संचालित हों और अभियान में पूरी सक्रियता के साथ भाग लें। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी अन्य जन सुविधा केंद्र संचालक की भी इसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री अभियान को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और जन सुविधा केंद्र संचालकों को पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।