Mainpuri: कोर्ट में समझौते के 24 घंटे बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

Mainpuri News: मैनपुरी के बेवर में कोर्ट समझौते के एक दिन बाद विवाहिता सलमा संदिग्ध हालात में मृत मिली। मायके पक्ष ने पति समेत ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया।

Update:2026-06-13 17:06 IST

कोर्ट में समझौते के 24 घंटे बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

Mainpuri News: मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के मोहल्ला धनकारी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। खास बात यह है कि विवाहिता की मौत कोर्ट में हुए समझौते के महज 24 घंटे बाद हुई, जिससे मामला और भी रहस्यमय बन गया है।

पति-पत्नी के बीच विवाद ने ले ली जान 

जानकारी के अनुसार मोहल्ला धनकारी निवासी 28 वर्षीय सलमा की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व यूसुफ के साथ हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं। बताया जाता है कि यूसुफ जयपुर में नौकरी करता है। मायके पक्ष का आरोप है कि यूसुफ के किसी अन्य महिला से संबंध थे, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण सलमा कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी।


परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को कोर्ट के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। समझौते के बाद सलमा अपने ससुराल लौट गई थी। लेकिन समझौते के लगभग 24 घंटे बाद शनिवार रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह जब घटना की सूचना मायके पक्ष को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि सलमा का शव ससुराल के ऊपरी कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो। उनका कहना है कि सलमा और उसके पति के बीच विवाद लगातार चल रहा था और इसी वजह से उसके साथ मारपीट कर हत्या की गई।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के पहुंचने तक ससुराल पक्ष के अधिकांश सदस्य, जिनमें पति भी शामिल है, घर से गायब बताए गए। मौके पर केवल मृतका की सास मौजूद मिली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News