Mainpuri News: वर्षों पुराने अवैध कब्जे से मुक्त होगा प्रेस क्लब भवन, प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई

Mainpuri News: मैनपुरी में वर्षों से अवैध कब्जे में रहे प्रेस क्लब भवन को मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही भवन को कब्जामुक्त कराया जाएगा।

Update:2026-05-27 12:38 IST

Mainpuri News(Photo-Social Media)

Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद में वर्षों से अवैध कब्जे का शिकार बने प्रेस क्लब भवन को आखिरकार मुक्त कराने की दिशा में प्रशासन ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। नव निर्वाचित प्रेस क्लब कार्यकारिणी के लगातार प्रयासों और शिकायतों के बाद सोमवार को प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और कब्जाधारियों को 24 घंटे के भीतर भवन खाली करने का अल्टीमेटम दिया। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि तय समय सीमा में भवन खाली नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम सदर अभिषेक कुमार और सीओ सिटी संतोष कुमार ने प्रेस क्लब भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कब्जाधारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भवन को तत्काल खाली किया जाए। अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बताया जा रहा है कि यह मामला पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी तक पहुंचने के बाद गंभीरता से लिया गया। शिकायत में उल्लेख किया गया था कि वर्ष 1993 में तत्कालीन राज्यपाल मोतीलाल वोरा के निर्देश पर तत्कालीन जिलाधिकारी रोहित नंदन द्वारा प्रेस क्लब भवन का निर्माण कराया गया था। समय बीतने के साथ भवन की उचित देखरेख नहीं हो सकी, जिसके चलते उस पर अवैध कब्जा हो गया और प्रेस क्लब की गतिविधियां प्रभावित होने लगीं।

हाल ही में हुए प्रेस क्लब चुनाव के बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष अर्पित चतुर्वेदी, सचिव अतुल सक्सेना और नई कार्यकारिणी ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया। इसके बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कराई, जिसमें अवैध कब्जे की पुष्टि हुई।

एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि कब्जाधारियों को मौखिक चेतावनी देने के साथ-साथ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भविष्य में दोबारा कोई व्यक्ति प्रेस क्लब की जमीन पर कब्जा न कर सके। उन्होंने कहा कि कब्जाधारियों की ओर से भवन खाली करने का आश्वासन दिया गया है। यदि ऐसा नहीं होता है तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। साथ ही पत्रकारों और प्रेस क्लब पदाधिकारियों को भरोसा दिलाया गया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर पूरी जमीन को जल्द कब्जा मुक्त कराया जाएगा।

Tags:    

Similar News