Mainpuri News: शिवपाल यादव का भाजपा पर हमला, पेपर लीक, महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर साधा निशाना

Mainpuri News: मैनपुरी में शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार पर पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को लेकर जमकर निशाना साधा।

Update:2026-08-08 22:09 IST

Mainpuri News

Mainpuri News: मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को एक शोकसभा में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष वोट सिंह यादव की मां के निधन के बाद आयोजित शोकसभा में पहुंचे शिवपाल यादव ने पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, ई-20 फ्यूल, एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता और अमेरिका द्वारा बढ़ाए गए टैरिफ समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।

पेपर लीक को लेकर शिवपाल यादव ने नए कानून का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और ऐसे मामलों में उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान उचित है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं और इनमें भाजपा से जुड़े लोग भी शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले इस स्तर पर पेपर लीक की घटनाएं नहीं होती थीं।

विधानसभा सत्र की अवधि को लेकर भी शिवपाल यादव ने सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दे हैं, लेकिन विधानसभा का सत्र पर्याप्त समय तक नहीं चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और इसमें ऊपर से लेकर नीचे तक के लोग शामिल हैं।कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के एक हिस्से के धंसने के मामले पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। शिवपाल यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में बने एक्सप्रेसवे को करीब 10 साल हो चुके हैं, लेकिन उनकी गुणवत्ता को लेकर इस तरह की समस्याएं सामने नहीं आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में उद्घाटन के कुछ समय बाद ही सड़कों और एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगते हैं। उनके मुताबिक, इसके पीछे कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार जिम्मेदार है।

राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे और छात्रों के प्रदर्शन पर शिवपाल यादव ने कहा कि छात्रों और नौजवानों ने दिल्ली में सरकार के अहंकार को खत्म करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अगर छात्रों को प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलती तो वे विरोध का रास्ता अपनाते।ई-20 फ्यूल के मुद्दे पर उन्होंने राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि इससे गाड़ियों का एवरेज कम हो रहा है और वाहनों में खराबी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। वहीं, अमेरिका द्वारा भारत समेत कई देशों पर टैरिफ बढ़ाए जाने पर उन्होंने केंद्र की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अमेरिका को दोस्त बताने वाली सरकार को बातचीत के जरिए टैरिफ कम कराने का प्रयास करना चाहिए।

Tags:    

Similar News