Mainpuri News: मैनपुरी में सपा विधायक बृजेश कठेरिया का भाजपा पर हमला, बोले- 2027 में बनेगी सपा सरकार

Mainpuri News: मैनपुरी में सपा विधायक बृजेश कठेरिया ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि 2027 में सपा की सरकार बनेगी।

Update:2026-10-29 18:36 IST

Mainpuri News(Photo-Social Media)

Mainpuri News: मैनपुरी कलेक्ट्रेट पहुंचे किशनी विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक बृजेश कठेरिया ने एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि इन चुनावों ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तस्वीर साफ कर दी है। जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।

विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर चुनाव जीतने की कोशिश की। इसके बावजूद जनता ने उसे नकार दिया। अखिलेश यादव के बयान 'सेमीफाइनल था, फाइनल अभी बाकी है' का समर्थन करते हुए कठेरिया ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा की सत्ता से विदाई का रास्ता तय करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के एमएलसी चुनाव को शिक्षित लोगों का चुनाव बताने वाले बयान पर भी सवाल उठाए और इसे भाजपा की घबराहट बताया।

पश्चिम बंगाल के चुनाव पर टिप्पणी करते हुए विधायक ने आरोप लगाया कि वहां विपक्ष को दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने ममता बनर्जी और उनके भतीजे पर हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे विपक्ष में दहशत का माहौल बना है। अखिलेश यादव के 'यूपी वाले दिल्ली वालों का फोन नहीं उठा रहे' बयान पर कठेरिया ने कहा कि यह राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्तर की बात है। अखिलेश यादव उनके नेता और संरक्षक हैं। उनके बयानों का कोई न कोई अर्थ होता है और वह उनका समर्थन करते हैं।

जौहर विश्वविद्यालय की संपत्ति कुर्क करने के सवाल पर विधायक ने आजम खान का समर्थन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में समाजवादी विचारधारा से जुड़े नेताओं, समर्थकों और पीडीए के लोगों को निशाना बनाया गया। उनके मुताबिक, समर्थकों के घरों पर बुलडोजर चलाए गए और जमीनों पर कब्जे किए गए। उन्होंने भाजपा से जुड़े आरोपियों को संरक्षण मिलने और विपक्ष के लोगों पर कार्रवाई होने का भी आरोप लगाया। कठेरिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता दस वर्षों से तनाव और दबाव झेल रही है। अब जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और भाजपा को सत्ता से बेदखल होना पड़ेगा।

 

Tags:    

Similar News