Mathura News: डायल 112 कर्मी की कार्यशैली पर उठे सवाल, बिना नेम प्लेट ड्यूटी करने का वीडियो वायरल
Mathura News: मथुरा के सौंख में डायल 112 कर्मी का बिना नेम प्लेट ड्यूटी करने का वीडियो वायरल, लोगों ने नियमों के पालन पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की।
डायल 112 कर्मी की कार्यशैली पर उठे सवाल, बिना नेम प्लेट ड्यूटी करने का वीडियो वायरल (Photo- Newstrack)
Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के कस्बा सौंख में डायल 112 पर तैनात एक पुलिसकर्मी की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में डायल 112 की पीआरवी गाड़ी पर तैनात कर्मी बिना नेम प्लेट के ड्यूटी करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में चर्चा शुरू हो गई है और मामले की जांच की मांग उठने लगी है।
बताया जा रहा है कि, वायरल वीडियो में पीआरवी वाहन संख्या UP32 DG 8416 मौके पर खड़ा दिखाई दे रहा है। इस दौरान मौजूद एक पत्रकार और स्थानीय नागरिकों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मी से उसका नाम पूछा। आरोप है कि वर्दी पर नेम प्लेट न होने के संबंध में पूछे गए सवाल का उसने स्पष्ट जवाब देने के बजाय पहले गाड़ी को साइड में लगाने की बात कही। वीडियो में इस बातचीत को रिकॉर्ड किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मियों की पहचान जनता के सामने स्पष्ट रहनी चाहिए। वर्दी पर नेम प्लेट होने से आम नागरिक किसी भी कर्मचारी की पहचान आसानी से कर सकता है। ऐसे में बिना नेम प्लेट ड्यूटी करना नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े करता है। लोगों का यह भी कहना है कि जब कोई नागरिक या पत्रकार किसी सरकारी कर्मचारी से उसकी पहचान पूछता है तो उसे सहयोगात्मक रवैया अपनाना चाहिए। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है।
वहीं वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि क्या संबंधित कर्मी द्वारा ड्यूटी के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया जा रहा था। लोगों ने मामले का संज्ञान लेकर जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। हालांकि इस मामले में अभी तक संबंधित पुलिसकर्मी या विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब सभी की नजर पुलिस अधिकारियों पर है कि वे इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।