Mathura News: श्रीकृष्णोत्सव 2025 को लेकर ब्रज तीर्थ विकास परिषद सभागार में गोष्ठी आयोजित, मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने की अध्यक्षता

Mathura News: इस अवसर पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा, जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Update:2025-07-25 20:47 IST

श्रीकृष्णोत्सव 2025 को लेकर ब्रज तीर्थ विकास परिषद सभागार में गोष्ठी आयोजित   (photo: social media )

Mathura News: मथुरा ब्रज तीर्थ विकास परिषद सभागार में आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव-2025 को शांतिपूर्वक व भव्य रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री, माननीय लक्ष्मीनारायण चौधरी ने की।

इस अवसर पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा, जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। गोष्ठी में आगामी श्रीकृष्णोत्सव को लेकर सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई व्यवस्था व नगर की साज-सज्जा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंत्री जी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि, श्री बांके बिहारी मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर समेत समस्त प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और मार्गदर्शन केंद्रों की व्यवस्था पहले से ही पूरी हो जानी चाहिए।

आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने और आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और यातायात नियंत्रण के विशेष प्रबंध किए जाएंगे।

गोष्ठी में नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत, जलकल, पर्यटन विभाग, परिवहन विभाग सहित अन्य प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और इस धार्मिक पर्व को भव्य व व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाए।

Tags:    

Similar News