Mathura News: 11 हजार वोल्ट का टूटा खंभा हादसे को दे रहा न्योता, शिकायतों पर भी कार्रवाई नहीं

Mathura News: मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का जर्जर खंभा हादसे को न्योता दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग ने खंभा नहीं बदला। लोगों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Update:2026-08-21 19:31 IST

Mathura News

Mathura News: सुरीर थाना क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों के लिए कभी भी जानलेवा साबित हो सकती है। ओहावा नगला से ओहावा जाने वाले लिंक मार्ग और बैकुंठपुर अड्डा मार्ग पर मंदिर के समीप 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का खंभा बीच से टूटकर जर्जर हालत में खड़ा है। खंभा टूटने के बाद विद्युत तारों का भार एक ओर झुक गया है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बसों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों के मुताबिक, बरसात के मौसम में तेज हवा, आंधी या तूफान आने पर खंभा कभी भी पूरी तरह गिर सकता है। ऐसे में सड़क से गुजरने वाले लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। मौके की स्थिति देखकर लगता है कि विद्युत खंभा किसी भी समय धराशायी हो सकता है।गुरुवार शाम ग्रामीण सोनू निवासी टेटी गांव और देवा पहलवान निवासी बैकुंठपुर ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन टूटने की घटना हो चुकी है, जिसमें विवेक और गोविंद सिंह की मौत हो गई थी। इसके बावजूद विभाग की ओर से जर्जर खंभे को बदलने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि खंभे की खराब स्थिति को लेकर संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार करता नजर आ रहा है।देवा पहलवान, सोनू सिंह, सत्यवीर सिंह, भूपेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, सुरेश सिंह और रवि सहित ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल जर्जर खंभे को बदलवाने और विद्युत लाइन को सुरक्षित कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो बरसात के दौरान खंभा गिरने से गंभीर हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

Tags:    

Similar News