Mathura News: पहली बारिश में डूबा मथुरा, जलभराव और टूटी सड़कों ने नगर निगम की खोली पोल
Mathura News: मथुरा में मानसून की पहली बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। हल्की बारिश में ही शहर के कई इलाकों में जलभराव, टूटी सड़कें और खुले बिजली के तार लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन गए।
Mathura News
Mathura News: मथुरा में मानसून की पहली बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर शहर की बदहाल व्यवस्था की पोल भी खोलकर रख दी। हल्की बारिश के बाद ही कई इलाकों की सड़कें जलमग्न हो गईं। जगह-जगह पानी भरने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। सबसे अधिक परेशानी बाजारों और मुख्य मार्गों पर देखने को मिली, जहां घंटों तक पानी जमा रहा और यातायात प्रभावित हुआ।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम ने बारिश से पहले नालों की सफाई नहीं कराई। नालियां कचरे से भरी होने के कारण बारिश का पानी निकासी नहीं हो सका और सड़कों पर भर गया। इसका सबसे बड़ा असर शहर के कई प्रमुख बाजारों में देखने को मिला, जहां दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।डोरी बाजार क्षेत्र में सड़क उखड़ने की घटना भी सामने आई। सड़क टूटने और पानी भर जाने से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही। लोगों का कहना है कि सरकार विकास और नई सड़कों के निर्माण के दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी गुणवत्ता और रखरखाव की स्थिति बेहद खराब है। पहली ही बारिश में सड़कें टूटने लगीं, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
शहर के कई मोहल्लों में बिजली के खंभों से टूटे तार लटकते दिखाई दिए। जलभराव के बीच खुले तार लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इनकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।लोगों ने चिंता जताई कि अभी तो बारिश की शुरुआत हुई है और सावन का महीना भी नहीं आया है। यदि लगातार बारिश हुई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। नागरिकों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से मांग की है कि नालों की तत्काल सफाई कराई जाए, जलभराव वाले क्षेत्रों की समस्या दूर की जाए, टूटी सड़कों की मरम्मत कराई जाए और बिजली के खुले व टूटे तारों को सुरक्षित कराया जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को अनावश्यक परेशानियों और संभावित हादसों से बचाया जा सके।