Mathura News: मांट में मतदाता जागरूकता को लेकर क्विज और निबंध प्रतियोगिता आयोजित
Mathura News: मथुरा के राजकीय महाविद्यालय मांट में मतदाता जागरूकता को लेकर क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। क्विज प्रतियोगिता में 16 टीमों ने हिस्सा लिया, जबकि निबंध प्रतियोगिता में शीतल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
Mathura News
Mathura News: विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय मांट में विधानसभा स्तरीय क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन विधानसभा स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ. दीन दयाल एवं डॉ. रोली तिवारी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ. दीन दयाल और ईएलसी कोऑर्डिनेटर डॉ. अखिलेश यादव विशेष रूप से मौजूद रहे।क्विज प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। प्रतियोगिता के दौरान क्विज मास्टर डॉ. अखिलेश यादव और डॉ. दीन दयाल ने सात अलग-अलग चरणों में प्रतिभागियों से सवाल पूछे। इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न, बॉम्बर राउंड, रैपिड फायर और मैच द वर्ल्ड सहित कई रोचक चरण शामिल किए गए। प्रत्येक चरण में विद्यार्थियों की सामान्य जानकारी, विषय की समझ और तत्काल निर्णय लेने की क्षमता की परीक्षा हुई।कड़े मुकाबले के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाली तीन टीमों ने अपनी जगह बनाई। b
इनमें आदर्श इंटर कॉलेज मांट की रमाकांत, सचिन एवं बृज की टीम, कृषक इंटर कॉलेज टेटीगांव की काजल, सुहाना एवं ब्रज की टीम तथा राजकीय हाईस्कूल भद्रवन की प्रिया एवं तनु की टीम शामिल रहीं।वहीं, निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लोकतंत्र, मतदान के महत्व और मतदाता जागरूकता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में शीतल ने उत्कृष्ट लेखन के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।स्वीप मीडिया कोऑर्डिनेटर मनीष दयाल ने बताया कि स्वीप एवं ईएलसी के माध्यम से मतदाता जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ आम नागरिकों को भी मतदान के अधिकार और जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों सहित राकेश कुमार, संतोष कुमार एवं आनंद कुमार का विशेष सहयोग रहा।