Mathura News: मथुरा में पुलिस दबिश पर बवाल, तोड़फोड़ के आरोप का CCTV वायरल

Mathura News: गोविंद नगर की महाविद्या कॉलोनी में 307 के आरोपी की तलाश में पहुंची पुलिस पर परिजनों ने तोड़फोड़ और अभद्रता के आरोप लगाए, CCTV वीडियो वायरल हुआ।

Update:2026-06-16 21:29 IST

मथुरा में पुलिस दबिश पर बवाल, तोड़फोड़ के आरोप का CCTV वायरल (Photo- Newstrack)

Mathura News: मथुरा। थाना गोविंद नगर क्षेत्र की महाविद्या कॉलोनी में पुलिस की दबिश के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हत्या के प्रयास (धारा 307) के एक मामले में नामजद आरोपी की तलाश में पहुंची पुलिस पर परिवार ने तोड़फोड़ और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

आरोपी की तलाश में पहुंची थी पुलिस

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 10 बजे गोविंद नगर थाना पुलिस एक मुकदमे में वांछित आरोपी की तलाश में महाविद्या कॉलोनी स्थित उसके घर पहुंची थी। परिवार का कहना है कि आरोपी के घर पर नहीं मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने परिसर में लगे कुछ उपकरणों और सामान को नुकसान पहुंचाया।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

परिवार के सदस्यों का आरोप है कि दबिश के दौरान घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे, पानी की टंकी, समरसेबल पंप सहित अन्य सामान को क्षति पहुंचाई गई। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

परिजनों के अनुसार उनके परिवार का कुछ समय पूर्व क्षेत्र के एक पार्षद से विवाद हुआ था, जिसके बाद रंजिशवश उनके पति के खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। उनका कहना है कि संबंधित मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।

वायरल वीडियो बना चर्चा का विषय

घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस का पक्ष आना बाकी

समाचार लिखे जाने तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। वहीं पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की।

Tags:    

Similar News