Mathura News: वृंदावन केली कुंज पर ताला, करोड़ों के घोटाले की सीबीआई जांच की मांग
Mathura News: फलाहारी महाराज ने दस्तावेज दिखाकर वित्तीय अनियमितताओं पर उठाए सवाल, प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा बढ़ाने और यमुना डूब क्षेत्र के अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की मांग।
वृंदावन केली कुंज पर ताला, करोड़ों के घोटाले की सीबीआई जांच की मांग (Photo- Newstrack)
Mathura News: धर्मनगरी वृंदावन में केली कुंज को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। केली कुंज पर ताला लगाए जाने के बाद करोड़ों रुपये के कथित घोटाले का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीआर कंपनी के माध्यम से करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता की गई और अब ताला लगाकर जिम्मेदार लोग मौके से फरार हो गए हैं। इस मामले को लेकर संत समाज में नाराजगी दिखाई दे रही है।
फलाहारी महाराज ने मामले को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कुछ दस्तावेज और सबूत सार्वजनिक करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि केली कुंज से जुड़े मामले में पारदर्शिता जरूरी है। यदि किसी स्तर पर आर्थिक अनियमितता हुई है तो उसकी जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
फलाहारी महाराज ने संत प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और उनकी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि संतों की सुरक्षा और धार्मिक स्थलों की गरिमा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने वृंदावन में यमुना के डूब क्षेत्र में बड़े-बड़े भवनों के निर्माण पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि जब यह क्षेत्र निर्माण के लिहाज से प्रतिबंधित है तो यहां बहुमंजिला इमारतें कैसे खड़ी हो गईं। इन निर्माणों को अनुमति किसने दी और संबंधित विभागों के अधिकारी इतने समय तक क्या करते रहे? उन्होंने सवाल उठाया कि अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के लिए बुलडोजर कब चलेगा।
फलाहारी महाराज ने पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच होने से कथित घोटाले, निर्माणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित जांच एजेंसियां इन आरोपों पर क्या कदम उठाती हैं।