Meerut News: मॉडल का आरोप: शादी का सपना दिखाकर 10 साल तक शोषण, अब धर्मांतरण का दबाव; केस दर्ज

Meerut News: मेरठ के सरधना क्षेत्र की एक मॉडल ने युवक पर शादी का झांसा देकर 10 वर्षों तक शोषण, आर्थिक ठगी और धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

Update:2026-06-08 22:30 IST

Meerut News

Meerut News: सरधना क्षेत्र की एक मॉडल ने कस्बे के ही युवक पर शादी का झांसा देकर करीब 10 साल तक शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने धर्म परिवर्तन करने के लिए कहना शुरू कर दिया। विरोध करने पर मारपीट की गई और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2015-16 में मॉडलिंग के सिलसिले में मुंबई जाने के दौरान उसकी मुलाकात सरधना निवासी वसील से हुई थी। आरोपी ने मॉडलिंग करियर में मदद और शादी का वादा किया। युवती का आरोप है कि इसी भरोसे पर वह उसके साथ रही, लेकिन आरोपी ने लगातार उसका शारीरिक शोषण किया और समय-समय पर उससे बड़ी रकम भी लेता रहा। शिकायत में दावा किया गया है कि पिछले 10 वर्षों में आरोपी उससे करीब 50 लाख रुपये ले चुका है।

युवती ने आरोप लगाया कि शादी की बात उठाने पर आरोपी का व्यवहार बदल गया और उसने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके तीन बार गर्भपात कराए गए। पीड़िता का कहना है कि उसके पिता ने जब आरोपी की हरकतों का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस में शिकायत की बात कहने पर निजी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी गई।

सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची युवती ने पूरे मामले की शिकायत करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उसने पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि उसे मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया गया।उधर, पुलिस अधीक्षक (देहात) अभिजीत कुमार ने बताया कि थाना सरधना में युवती की तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन संबंधी आरोपों की भी जांच की जाएगी। पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News