Meerut News: स्कूलों में नवंबर में ‘मेरा गांव-मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम, शिक्षा को लेकर ग्रामीण देंगे

Meerut News: मेरठ के 25 पीएमश्री स्कूलों में नवंबर में ‘मेरा गांव-मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम होगा, जिसमें ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव देंगे।

Update:2026-10-05 15:15 IST

Meerut News(Photo-Social Media)

Meerut News: अब गांव सिर्फ अपने स्कूल को देखेगा नहीं, बल्कि उसकी पढ़ाई और बच्चों के भविष्य में भी भागीदार बनेगा। मेरठ जिले के 25 पीएमश्री विद्यालयों में नवंबर में ‘मेरा गांव-मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत स्कूलों को स्थानीय समुदाय से जोड़ने के साथ अभिभावकों और ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों को भी शामिल किया जाएगा।

इस पहल का मकसद बच्चों के नामांकन और नियमित उपस्थिति के साथ उनकी पढ़ाई बीच में छूटने से रोकना है। खासतौर पर कक्षा पांच, आठ और 10 के विद्यार्थियों को अगली कक्षाओं में दाखिले और आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित किया जाएगा। ग्रामीणों को स्कूल की गतिविधियों और समग्र शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

रैली-प्रभातफेरी से बनेगा माहौल

कार्यक्रम के दौरान पीएमश्री स्कूलों के विद्यार्थी रैली और प्रभातफेरी निकालेंगे। नाटक, कहानी-वाचन और खेल प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। पोस्टर और कलाकृति प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। ग्रामीणों और अभिभावकों को जोड़ने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाने के साथ सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

अच्छा करने वाले बच्चों का होगा सम्मान

स्कूल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के हाथों सम्मानित किया जाएगा। इसके जरिए बच्चों में उपलब्धि हासिल करने का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाने की कोशिश होगी। बाल अधिकारों को लेकर भी ग्रामीणों और अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।

प्रदेश के 1,565 स्कूलों में आयोजन

प्रदेश के 1,565 पीएमश्री विद्यालयों में ‘मेरा गांव-मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इसके लिए 46.95 लाख रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है। सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के अन्य प्रभावशाली लोगों को भी कार्यक्रम से जोड़कर स्कूल के विकास में उनकी भूमिका सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम के जरिए पीएमश्री स्कूलों को स्थानीय समुदाय से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अभिभावकों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से बच्चों की शिक्षा, नियमित उपस्थिति और आगे की पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।

Tags:    

Similar News