Adani Skill Development Center: सिर्फ डिग्री ही नहीं स्किल भी है जरूरी
Adani Skill Development Center: आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री नहीं बल्कि सही स्किल्स ही दिलाती है सफलता।
Adani Foundation Mirzapur (Social Media)
Mirzapur News: आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री हासिल करना ही पर्याप्त नहीं रह गया है, बल्कि सफलता के लिए व्यावहारिक स्किल्स का होना भी बेहद जरूरी हो गया है। इसी उद्देश्य के साथ मिर्जापुर में अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से संचालित अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहा है।
केंद्र में युवाओं को डोमेस्टिक डाटा एंट्री ऑपरेटर कोर्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। इसी क्रम में बुधवार को अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 9 प्रशिक्षुओं का चयन नोएडा स्थित मल्टीनेशनल कंपनी “साइफ्यूचर” (Cyfuture) में कस्टमर केयर एक्जीक्यूटिव पद पर किया गया। यह कंपनी यूपीपीसीएल और एनएचएआई जैसी संस्थाओं के साथ कार्यरत है।
चयनित युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार प्रतिमाह 15 हजार रुपये से लेकर 19,368 रुपये तक वेतन मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान अदाणी फाउंडेशन और अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर की ओर से सभी चयनित प्रशिक्षार्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर कई प्रशिक्षुओं के अभिभावक भी मौजूद रहे। इनमें राकेश कुमार ग्राम रामपुर-33, जीतलाल ग्राम राजापुर, अभय गुप्ता ग्राम पचोखरा और आकाश जी ग्राम नौडीहा लालपुर प्रमुख रूप से शामिल रहे। अभिभावकों ने अदाणी फाउंडेशन द्वारा युवाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं को आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम में युवाओं को लगातार नई तकनीकी और व्यावसायिक स्किल सीखने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे भविष्य में बेहतर रोजगार हासिल कर सकें।