Mirzapur News: निषाद पार्टी 16 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, संजय निषाद ने रखी मांग
Mirzapur News: संजय निषाद ने भाजपा से प्रत्याशियों की घोषणा पहले करने की अपील की, बोले- चुनाव जीतना है तो उम्मीदवारों को क्षेत्र में तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए।
निषाद पार्टी 16 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, संजय निषाद ने रखी मांग (Photo- Newstrack)
Mirzapur News: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निषाद पार्टी ने अपनी दावेदारी तेज कर दी है। मिर्जापुर पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही। उन्होंने भाजपा से प्रत्याशी चयन में देरी नहीं करने की अपील करते हुए बनारस एमएलसी चुनाव में मिली हार का भी जिक्र किया। संजय निषाद ने कहा कि चुनाव जीतना है तो प्रत्याशी पहले से तय होना चाहिए, ताकि वह अपने स्तर पर क्षेत्र में तैयारी कर सके।
संजय निषाद ने कहाकि उनकी पार्टी 16 जीतने वाली सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। प्रत्याशियों का चयन भाजपा और निषाद पार्टी दोनों की पसंद और राजनीतिक समीकरण के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने बनारस MLC चुनाव में मिली हार को छोटी सी गलती का परिणाम बताते हुए कहा कि विपक्ष का प्रत्याशी एक साल पहले तय हो गया था, जबकि उनकी पार्टी का उम्मीदवार महज 15 दिन पहले घोषित हुआ।
उन्होंने कहा कि हारी हुई सीट जीतनी है तो प्रत्याशी पहले से तय होना चाहिए। इससे उम्मीदवार अपने स्तर पर पैसा खर्च कर क्षेत्र में काम कर सकेगा और अपना वोट बैंक मजबूत कर सकेगा। आखिरी समय में केवल संगठन के भरोसे रह जाने से चुनावी तैयारी प्रभावित होती है।
उन्होंने कहाकि प्रत्याशी की घोषणा पहले हो जाने से टिकट को लेकर किसी तरह का विवाद भी नहीं रहेगा। निषाद पार्टी और भाजपा का गठबंधन 2019 से लगातार चल रहा है और आगे भी दोनों दलों के बीच सहमति से निर्णय होगा।
शिक्षा के मुद्दे पर संजय निषाद ने कहा कि जब सरकार गरीबों को मुफ्त राशन दे सकती है तो उन्हें मुफ्त शिक्षा भी देनी चाहिए। उन्होंने वंचित समाज के बच्चों को शिक्षा का अवसर देने की पैरवी की। आरक्षण को भीख नहीं, बल्कि अधिकार बताते हुए मझवार, केवट, मल्लाह, माझी और शिल्पकार समाज को उनका हक देने की मांग भी उठाई।