Moradabad News: चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
Moradabad News: मुरादाबाद के मुंडापांडे क्षेत्र में चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Moradabad News(Photo-Social Media)
Moradabad News: जनपद मुरादाबाद के थाना मुंडापांडे क्षेत्र में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवक को चोरी के शक में बीच सड़क पर जमकर पीटा गया। जानकारी के अनुसार थाना मुंडापांडे क्षेत्र के गांव गोविंदपुर खुर्द में मिलक नरखेड़ा निवासी एक युवक बाजार से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान खरकपुर जगतपुर निवासी वसीम ने युवक पर चोरी का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि युवक को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोग युवक की मदद करने के बजाय उसका वीडियो बनाते नजर आए। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मारपीट की सूचना मिलने पर मुंडापांडे पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना मुंडापांडे प्रभारी ने बताया कि घायल युवक की हालत गंभीर है। युवक को होश आने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।