Moradabad: मुरादाबाद की छह विधानसभा सीटों पर 2672 मतदेय स्थल मंजूर, 1203 मतदान केंद्रों की सूची जारी
Moradabad News: मुरादाबाद में वर्ष 2026-2027 के लिए छह विधानसभा क्षेत्रों में 1203 मतदान केंद्रों पर 2672 मतदेय स्थल मंजूर किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने बताया कि विधानसभा वार मतदेय स्थलों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
Moradabad News
Moradabad News: मुरादाबाद जनपद में आगामी निर्वाचन व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के बाद जिले की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वर्ष 2026-2027 के मतदेय स्थलों के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। इसके तहत जनपद में कुल 1203 मतदान केंद्रों पर 2672 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने इसकी जानकारी दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, अनुमोदित प्रस्ताव में विधानसभा क्षेत्रवार मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की संख्या तय कर दी गई है। इसके तहत 25-कांठ विधानसभा क्षेत्र में 226 मतदान केंद्रों पर 459 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, 26-ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र में 231 मतदान केंद्रों पर 436 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।इसी क्रम में 27-मुरादाबाद ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 161 मतदान केंद्रों पर 419 तथा 28-मुरादाबाद नगर विधानसभा क्षेत्र में 149 मतदान केंद्रों पर 550 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।इसके अलावा 29-कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में 233 मतदान केंद्रों पर 443 और 30-बिलारी विधानसभा क्षेत्र में 203 मतदान केंद्रों पर 365 मतदेय स्थल तय किए गए हैं।
आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की गई सूची
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ से प्राप्त पत्र तथा भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के क्रम में मतदेय स्थलों के निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की गई है। इसके बाद अनुमोदित सूची को जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।
घर बैठे देख सकते हैं अपने मतदान केंद्र की जानकारी
मुरादाबाद के नागरिक अपने विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों का विवरण जानने के लिए आधिकारिक वेबसाइट [https://moradabad.nic.in](<https://moradabad.nic.in>) पर जा सकते हैं। यहां उपलब्ध सूची के माध्यम से मतदाता अपने क्षेत्र से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आमजन से सूची का अवलोकन करने की अपील की है, ताकि आगामी निर्वाचन के दौरान मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों को लेकर किसी प्रकार की असुविधा न हो।