Moradabad News: हाईटेंशन लाइन का कहर, छत पर सो रहे परिवार पर गिरी बिजली, तीन झुलसे गंभीर

Moradabad News: मुरादाबाद के मझोला में हाईटेंशन लाइन के फॉल्ट से छत पर सो रहे परिवार पर करंट गिरा, तीन लोग झुलसे, महिला की हालत नाजुक।

Update:2026-07-04 15:02 IST

Moradabad News

Moradabad News: थाना मझोला क्षेत्र की लाइनपार एकता कॉलोनी में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर सो रहे एक ही परिवार के तीन लोग हाईटेंशन लाइन में अचानक हुए फॉल्ट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

छत पर सोते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, ओमपाल सिंह अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहे थे। उनके साथ पत्नी बबीता और 7 वर्षीय पुत्र हर्षित भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इलाके में बिजली कटौती के बाद जब आपूर्ति बहाल की गई, तभी घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में अचानक तेज फॉल्ट हो गया।फॉल्ट के कारण निकले करंट की चपेट में आकर पूरा परिवार गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

धमाके जैसी आवाज और चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, बबीता की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

प्रशासन मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिविल लाइंस, एसडीएम सदर और मझोला थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जर्जर हाईटेंशन लाइन की समय-समय पर मरम्मत न होने के कारण यह हादसा हुआ है।

Tags:    

Similar News