Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में सफाई कर्मचारियों का हंगामा, कांग्रेस नेता के घर के बाहर कूड़े का ढेर

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के खतौली में सफाई कर्मचारियों ने कांग्रेस नेता जमील अंसारी के घर के बाहर कूड़ा डालकर विरोध प्रदर्शन किया।

Update:2026-05-05 16:10 IST

Muzaffarnagar News

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब खतौली नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने कांग्रेस नेता जमील अंसारी के घर के बाहर कूड़े का ढेर लगा दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और मामला तेजी से तूल पकड़ गया।सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि नगर पालिका का बकाया टैक्स मांगने पर जमील अंसारी ने फोन पर अधिशासी अभियंता के साथ गाली गलौज और अभद्रता की। इसी बात से नाराज होकर कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए उनके घर के बाहर कूड़ा डाल दिया और जोरदार प्रदर्शन किया।

पुलिस और कर्मचारियों के बीच झड़प

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारी नहीं माने। इस दौरान पुलिस और सफाई कर्मचारियों के बीच जमकर झड़प भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग किया और कई सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लेकर स्थिति को काबू में किया।

सफाई कर्मचारी संघ ने दी हड़ताल की चेतावनी

इस मामले को लेकर सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सुधीर वाल्मीकि ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का बकाया टैक्स देने के लिए नोटिस देने गए कर्मचारियों के साथ जमील अंसारी ने अभद्रता की और अधिशासी अधिकारी को फोन पर गालियां दीं। उन्होंने कहा कि जब तक जमील अंसारी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक नगर पालिका का कार्य पूरी तरह बंद रहेगा और कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।

सीओ ने बताया मामला, जांच जारी

वहीं सीओ खतौली रुपाली राव ने बताया कि सूचना मिली थी कि नगर पालिका कर्मचारियों ने एक व्यक्ति के घर के बाहर कूड़ा डाल दिया है। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो पता चला कि एक दिन पहले कर्मचारी और संबंधित व्यक्ति के बीच विवाद हुआ था, जिसके चलते यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि इस कृत्य के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और सभी को समझाकर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही अराजक तत्वों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News