Muzaffarnagar News: शिव बारात की भव्य झांकी, शिवभक्तों की प्रस्तुति बनी आकर्षण

Muzaffarnagar News: कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर भगवान शिव की बारात, अघोर परंपरा पर आधारित झांकी, शिवगणों की प्रस्तुति और कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

Update:2026-08-07 19:41 IST

शिव बारात की भव्य झांकी, शिवभक्तों की प्रस्तुति बनी आकर्षण (Photo- Newstrack)

Muzaffarnagar News: कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर का ऐतिहासिक शिव चौक आस्था, कला और रोमांच का अनूठा संगम बन गया। हापुड़ के आसोड़ा गांव से आए शिवभक्त हरिओम चिंगारी अपनी विशाल थीम आधारित कांवड़ लेकर शिव चौक पहुंचे, जहां भगवान भोलेनाथ की बारात, अघोरियों का तांडव, शिवगणों की झांकी और आग उगलते कलाकारों की प्रस्तुति ने हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक इस अनोखी कांवड़ और झांकी को देखने के लिए शिव चौक पर भारी भीड़ जुटी रही।

भोलेनाथ की बारात और अघोर स्वरूप ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान

शिवभक्त हरिओम चिंगारी की इस विशेष कांवड़ में भगवान शिव के रौद्र और अघोर स्वरूप को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। झांकी में अघोरी, शिवगण, भूत-प्रेत और भगवान भोलेनाथ की बारात का अनूठा चित्रण देखने को मिला। डमरू की गूंज, शंखनाद, विशेष लाइटिंग, कृत्रिम धुएं और गले में नरमुंडों की माला पहनकर शिवभक्तों के अघोरी तांडव ने ऐसा माहौल बनाया कि पूरा शिव चौक हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु इस अद्भुत दृश्य को अपने मोबाइल में लगातार तस्वीरों और वीडियो के रूप में कैद करते रहे।

आग उगलते कलाकारों के करतब बने आकर्षण का केंद्र

झांकी के दौरान आग उगलते कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति से लोगों को रोमांचित कर दिया। जैसे ही कलाकारों ने हवा में आग की लपटें छोड़ीं, पूरा माहौल तालियों और जयघोष से गूंज उठा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस दृश्य को देखकर उत्साहित नजर आया। कलाकारों के करतबों ने शिव की बारात को और भी भव्य बना दिया।

कई सप्ताह की मेहनत से तैयार हुई विशेष थीम आधारित कांवड़

शिवभक्त हरिओम चिंगारी ने बताया कि उनकी टीम हर वर्ष अलग-अलग धार्मिक विषयों पर आधारित थीम की कांवड़ तैयार करती है। इस बार भगवान भोलेनाथ की बारात और अघोर परंपरा को दर्शाने वाली झांकी बनाई गई है। इसे तैयार करने में कई सप्ताह की मेहनत लगी। विशेष वेशभूषा, मंच सज्जा, लाइटिंग और कलाकारों के लगातार अभ्यास के बाद इस प्रस्तुति को अंतिम रूप दिया गया।

हरिओम चिंगारी बोले, बाबा भोलेनाथ की कृपा से मिली प्रेरणा

शिवभक्त एवं कलाकार हरिओम चिंगारी ने बताया कि उनका नाम हरिओम चिंगारी है और वह हापुड़ के रहने वाले हैं। उनकी यह कांवड़ हापुड़ शहर के पास स्थित आसोड़ा गांव से आई है। उन्होंने बताया कि झांकी में श्मशान में बाबा भोलेनाथ के साथ अघोरियों के स्वरूप का दर्शन दिखाया गया है, जिसे उनकी पूरी टीम ने पूरी श्रद्धा के साथ निभाया है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं बाबा भोलेनाथ के भक्त हैं और उन्हीं के विभिन्न स्वरूपों की पूजा करते हैं। इसी भावना के साथ उन्होंने भगवान शिव का स्वरूप धारण किया है। उनका कहना है कि यह सब बाबा भोलेनाथ की कृपा से ही संभव हो पाया है।

Tags:    

Similar News