Pilibhit News: धर्म परिवर्तन और निकाह के आरोपों के बाद युवती फिर लापता
Pilibhit News: पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में युवती के धर्म परिवर्तन और निकाह के आरोपों के बाद दोबारा लापता होने से परिवार चिंतित है, पुलिस ने दो टीमें लगाईं।
धर्म परिवर्तन और निकाह के आरोपों के बाद युवती फिर लापता (Photo- Newstrack)
Pilibhit News: पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में करीब 25 वर्षीय युवती के धर्म परिवर्तन और निकाह के आरोपों के बाद दोबारा लापता होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक युवती ग्रेटर नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करती थी। इसी दौरान गांव के पड़ोसी क्षेत्र के रहने वाले एक मुस्लिम युवक से उसकी पहचान हुई। आरोप है कि युवक का परिवार के घर पहले से आना-जाना था और इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर उसने युवती को अपने प्रभाव में ले लिया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि युवती को बहला-फुसलाकर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और फिर निकाह कर लिया गया। शिकायत में युवती के साथ शारीरिक शोषण और विरोध करने पर धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।
20 सितंबर को घर लौटी युवती, परिवार को बताई आपबीती
परिजनों के अनुसार 20 सितंबर 2026 को युवती किसी तरह वापस घर पहुंची। उसकी हालत देखकर परिवार के लोग घबरा गए। युवती काफी डरी और सहमी हुई थी। उसने अपनी मां को बताया कि उसके साथ जबरदस्ती की जाती थी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। युवती ने यह भी बताया कि आरोपी काफी प्रभावशाली है और उसे दोबारा जबरन अपने साथ ले जाया जा सकता है। उसकी बात सुनकर परिवार के लोग डर गए थे।
30 सितंबर की शाम घर से फिर गायब हुई युवती
परिजनों के मुताबिक 30 सितंबर की शाम करीब पांच बजे परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान युवती घर से गायब हो गई। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। एक अक्टूबर को गांव के कुछ लोगों ने परिजनों को बताया कि आरोपी युवक, उसका भाई और दो अज्ञात लोग मोटरसाइकिलों से युवती को अपने साथ ले जाते देखे गए थे।
इसके बाद परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। युवती का कोई पता नहीं चलने पर परिवार की चिंता और बढ़ गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, दो टीमें तलाश में जुटीं
परिवार ने जहानाबाद थाने पहुंचकर युवती की बरामदगी की गुहार लगाई है। शिकायतकर्ता ने युवती की सुरक्षा को लेकर अनहोनी की आशंका जताते हुए उसे जबरन साथ रखने, धमकाने और विरोध करने पर मारपीट किए जाने के आरोप लगाए हैं। परिवार ने पुलिस से युवती को जल्द बरामद करने और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष जयशंकर ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। युवती की बरामदगी के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा।