Pratapgarh News: प्रभारी मंत्री ने शहीद और हादसा पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

Pratapgarh News: प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने शहीद सुबेदार सुधाकर सिंह के परिजनों और महुली हादसे से प्रभावित परिवार से मिलकर संवेदना जताई और ढांढस बंधाया।

Update:2026-08-13 22:39 IST

प्रभारी मंत्री ने शहीद और हादसा पीड़ित परिवारों से की मुलाकात (Photo- Newstrack)

Pratapgarh News: प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग एवं जनपद के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने गुरुवार को जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने ग्राम गोड़े में शहीद सुबेदार सुधाकर सिंह के परिजनों से मिलकर संवेदना जताई, वहीं महुली गांव में जर्जर मकान गिरने की हृदयविदारक घटना से प्रभावित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।

शहीद सुबेदार सुधाकर सिंह के परिजनों से मिले प्रभारी मंत्री

प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह गुरुवार को ग्राम गोड़े पहुंचे और शहीद सुबेदार सुधाकर सिंह के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों का हालचाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाते हुए अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। प्रभारी मंत्री ने शहीद सुबेदार सुधाकर सिंह के राष्ट्र के प्रति समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीद के परिजनों के प्रति समाज और सरकार की जिम्मेदारी हमेशा बनी रहेगी। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने शहीद सुबेदार सुधाकर सिंह की पत्नी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया।

प्रभारी मंत्री ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

महुली हादसे के पीड़ित परिवार से मिले

इसके बाद प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम महुली पहुंचे। यहां जर्जर मकान गिरने से हुई हृदयविदारक दुर्घटना में प्रभावित परिवार से उन्होंने मुलाकात की। प्रभारी मंत्री ने हादसे में प्रभावित परिवार के सदस्य अमन श्रीवास्तव और अन्य परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।

उन्होंने दुर्घटना में दिवंगत सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। प्रभारी मंत्री ने शोकाकुल परिजनों से घटना की जानकारी ली और इस दुःख की घड़ी में उनके प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने कहा कि महुली की घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है।

प्रभारी मंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपार एवं असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पीड़ित परिवार की आवश्यकताओं और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सहायता के बारे में भी जानकारी ली।

इस अवसर पर विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News