Raebareli News: डलमऊ में कार्तिक मेला तैयारी तेज, डीएम-एसपी ने घाटों का निरीक्षण किया

Raebareli News: 23 से 25 नवंबर मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने जायजा लिया। घाटों पर सफाई, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, रोशनी, पेयजल और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

Update:2026-11-13 22:04 IST

डलमऊ में कार्तिक मेला तैयारी तेज, डीएम-एसपी ने घाटों का निरीक्षण किया (Photo- Newstrack)

Raebareli News: डलमऊ में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले और मुख्य स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने डलमऊ स्थित गंगा घाटों और मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने 23, 24 और 25 नवंबर को आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों को परखा और संबंधित विभागों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा मेला जनपद का महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्नानार्थियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीएम ने गंगा घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्नानार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ नियंत्रण और घाटों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम समय से पूरे कराने को कहा। साथ ही मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।

वहीं, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुलिस अधिकारियों को मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

डीएम और एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी और आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, जिससे कार्तिक पूर्णिमा मेला एवं मुख्य स्नान पर्व सुरक्षित, स्वच्छ, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, उप जिलाधिकारी डलमऊ प्रीति सिंह, क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News