Raebareli News: पुलिस पर पथराव, बीच-बचाव में पहुंचे सिपाही की आंख फूटी
Raebareli News: भदोखर थाना क्षेत्र के कुचरिया गांव में दो पक्षों के विवाद में डायल 112 पुलिस टीम पर हमला, एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल
Raebareli News (Image Social Media)
Raebareli News: जनपद के भदोखर थाना क्षेत्र के कुचरिया गांव में कानून को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ दो पक्षों के बीच हो रहे खूनी संघर्ष को रोकने पहुंची डायल 112 की टीम पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी आंख में गहरी चोट आई है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे कुचरिया गांव के निवासी बच्चा सिंह उर्फ शिवपूजन और चंद्रभान सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। ग्रामीणों की सूचना पर पीआरवी संख्या 5948 मौके पर पहुंची।
समझाने पर पुलिस को बनाया निशाना
पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल अब्दुल्ला, कांस्टेबल कीर्ति कुमार और चालक अशर्फीलाल ने जब दोनों पक्षों को शांत कराने और बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी और उग्र हो गए। उन्होंने पुलिस पार्टी पर ही सीधा हमला बोल दिया। इस दौरान चले पत्थर से कांस्टेबल कीर्ति कुमार की आंख में गंभीर चोट लग गई। उन्हें तत्काल लहूलुहान हालत में रायबरेली एम्स (AIIMS) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के बाद उन्हें खतरे से बाहर बताया है।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
घटना के बाद हरकत में आई भदोखर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों— शिवपूजन सिंह उर्फ बच्चा सिंह और चंद्रभान सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्चा सिंह का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है।
अधिकारी का बयान:
"डायल 112 को सूचना मिली थी कि कुचरिया गांव में दो पक्षों में विवाद हो रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला किया, जिसमें आरक्षी कीर्ति कुमार घायल हुए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है और विधिक कार्रवाई जारी है।