Raebareli News: पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, स्कॉर्पियो से टक्कर मारने के बाद बरसाईं गोलियां
Raebareli News: रायबरेली में पुरानी रंजिश के चलते खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार लोगों ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मारने के बाद फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
Raebareli News
Raebareli News: रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। राय के पुरवा गांव के पास स्कॉर्पियो सवार आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने पहले बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मारी, फिर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।हमले में शिव प्रताप सिंह के सिर में गोली लग गई, जबकि उनके साथ मौजूद दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स रायबरेली रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही जगतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है तथा घटना के पीछे पुरानी रंजिश को प्रमुख वजह मानकर विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ मुहर्रम का ताजिया जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
जिले में मुहर्रम का ताजिया जुलूस शुक्रवार को पूरी शांति, सौहार्द और धार्मिक आस्था के साथ संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी सरनीत कौर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भारी पुलिस एवं पीएसी बल के साथ फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जुलूस मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। प्रशासन के निर्देशानुसार ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी गई।जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पारंपरिक मातमी जुलूस निकाले गए। इस दौरान युवाओं ने हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।