Raebareli News: सरस मेले का शुभारंभ, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को योजनाओं की जानकारी मिलेगी

Raebareli News: रायबरेली में तीन दिवसीय सरस मेले का शुभारंभ हुआ। मेले में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

Update:2026-10-07 13:14 IST

Raebareli News(Photo-Social Media)

Raebareli News: जिले में स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीन दिवसीय सरस मेले का शुभारंभ किया गया। मेले में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए स्टॉल लगाए गए हैं। मेले के माध्यम से जहां लोगों को स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों की जानकारी मिल रही है, वहीं समूहों को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर भी मिल रहा है।

जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि यह आयोजन 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत ग्राम्य विकास विभाग द्वारा कराया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस सरस मेले में जिले के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने कहा कि मेले का मुख्य उद्देश्य समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को पहचान दिलाना, उनकी बिक्री को बढ़ावा देना और समूहों से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को यदि बेहतर बाजार और उपभोक्ताओं का सहयोग मिले तो इससे महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की जानकारी लें और अधिक से अधिक खरीदारी कर स्वयं सहायता समूहों का उत्साह बढ़ाएं।

वहीं, सलोन विधायक अशोक कोरी ने कहा कि रायबरेली में तीन दिवसीय सरस मेले का आयोजन एक सराहनीय पहल है। उन्होंने बताया कि मेले में ओडीओपी, कृषि विभाग, बैंकिंग सेक्टर, एनआरएलएम स्वयं सहायता समूहों और खादी ग्रामोद्योग समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। कृषि विभाग की ओर से उन्नत बीज और पौधों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

विधायक ने कहा कि मेले का उद्देश्य केवल उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनमानस को सरकार की विभिन्न नीतियों एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें इन योजनाओं से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की जानकारी मिलने से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।

अशोक कोरी ने सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन का आभार जताते हुए जनपदवासियों से मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। तीन दिनों तक चलने वाला यह मेला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News