Saharanpur News: गोगा म्हाड़ी विवाद पर पंकज उपाध्याय बोले, आस्था को राजनीति से दूर रखें
Saharanpur News: गोगा म्हाड़ी परिसर के सरोवर को लेकर जारी चर्चा के बीच पंकज उपाध्याय ने धार्मिक स्थल की गरिमा, श्रद्धालुओं की सुविधा और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
Saharanpur News: सहारनपुर के श्री जाहवीर गोगा म्हाड़ी परिसर स्थित सरोवर को लेकर चल रहे विवाद के बीच शिव गोरक्ष जाहरवीर सेवा समिति के संस्थापक पंकज उपाध्याय ने अपनी बात रखते हुए नगर निगम के महापौर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से हिंदू-मुस्लिम विवाद का रूप दिया जा रहा है, जबकि समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक स्थल की पवित्रता बनाए रखना और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
वर्षों पुराने तालाब को बनाया गया सुंदर सरोवर
पंकज उपाध्याय ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार और नगर निगम के सहयोग से वर्षों से उपेक्षित पड़े तालाब का विकास कर उसे सुंदर सरोवर का स्वरूप दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सहारनपुर नगर निगम और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिसर में सड़क, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विकास कराया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिल रही है।
पर्यटन स्थल होने के कारण सभी का स्वागत, लेकिन धार्मिक भावनाओं का सम्मान जरूरी
उन्होंने कहा कि सरोवर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है, इसलिए यहां किसी भी समाज का व्यक्ति आ सकता है। हालांकि यदि कोई व्यक्ति धार्मिक भावनाओं को आहत करने या स्थल की पवित्रता भंग करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने हाल ही में सामने आए मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की भी मांग की।
महापौर को सौंपे ज्ञापन में रखीं छह प्रमुख मांगें
शिव गोरक्ष जाहरवीर सेवा समिति की ओर से महापौर को सौंपे गए ज्ञापन में छह प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें 26 मान्यता प्राप्त भगतों के नाम आधिकारिक पोर्टल पर दर्ज करने, सरोवर और म्हाड़ी परिसर की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने, मुख्य प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोलने, मूर्तियों और सरोवर के चारों ओर बैरिकेडिंग कराने, प्रत्येक रविवार नियमित आरती आयोजित करने तथा ग्राम मानकमऊ का नाम बदलकर "ग्राम श्री गोगा म्हाड़ी" किए जाने की मांग शामिल है।
धार्मिक स्थल की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
पंकज उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि समिति वन प्वाइंट या पर्यटन व्यवस्था का विरोध नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि समिति केवल धार्मिक स्थल की गरिमा, सुरक्षा और आस्था की रक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने की मांग कर रही है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि आस्था से जुड़े विषयों को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।