Saharanpur Accident News: तेज रफ्तार क्रेटा की टक्कर से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

Saharanpur Accident News: सहारनपुर के बेहट रोड पर तेज रफ्तार क्रेटा कार की टक्कर से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया।

Update:2026-06-13 19:52 IST

Saharanpur News

Saharanpur Accident News: सहारनपुर के बेहट रोड पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के धौलाकुआं के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान मलकपुर निवासी लविश (26), उसकी मां राजदुलारी (55), बहन अंजना उर्फ तन्नु (20) तथा ढाई वर्षीय बेटी रूही के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।परिजनों के अनुसार, लविश अपनी मां, बहन और बेटी के साथ कोठड़ी स्थित ससुराल से बाइक द्वारा अपने गांव मलकपुर लौट रहा था। धौलाकुआं के समीप पीछे से आ रही एक क्रेटा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

बताया गया कि लविश मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी। घर पर उसकी पत्नी और एक छोटा बेटा मौजूद हैं। हादसे में जान गंवाने वाली रूही उसकी बड़ी संतान थी। एक साथ चार लोगों की मौत से गांव मलकपुर में शोक की लहर दौड़ गई है।उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य में तेजी लाने, पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

Tags:    

Similar News