Saharanpur News: आवारा कुत्तों का आतंक, 11 वर्षीय मासूम को नोच-नोचकर मार डाला, खेत में मिला शव

Saharanpur News:सहारनपुर के नागल क्षेत्र में आवारा कुत्तों ने 11 वर्षीय मासूम को नोच-नोचकर मार डाला, खेत में शव मिलने से गांव में मचा कोहराम।

By :  Neena Jain
Update:2026-10-31 17:10 IST

Saharanpur stray dog attack

Saharanpur News:  जिले के थाना नागल क्षेत्र के गांव बेलड़ा जुनारदार में आवारा कुत्तों का आतंक एक मासूम बच्चे की जान पर भारी पड़ गया। शुक्रवार शाम घर से खेलने निकले 11 वर्षीय प्रियांशु का शव आज सुबह गांव के नजदीक खेत में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि आवारा कुत्ते बच्चे को खींचकर गांव के पास जंगल की ओर ले गए और वहां उस पर हमला कर बुरी तरह नोच डाला। मासूम की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, गांव बेलड़ा जुनारदार निवासी रविंदर का 11 वर्षीय बेटा प्रियांशु शुक्रवार शाम करीब पांच बजे घर से खेलने के लिए निकला था।

देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने गांव के आसपास खेतों और अन्य स्थानों पर बच्चे को तलाशा। देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बच्चे के लापता होने की सूचना सोशल मीडिया पर भी साझा की गई।आज सुबह गांव के नजदीक एक खेत में प्रियांशु का शव पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि कुत्तों के हमले में बच्चे की दर्दनाक मौत हुई है।

शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। जिस बच्चे को परिजन पूरी रात तलाशते रहे, सुबह उसका शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलने पर थाना नागल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।बताया गया कि प्रियांशु तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और गांव के ही एक विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ता था।

उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। दो दिन पहले भी कुत्तों ने आरव और सोनू नाम के दो बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद अब 11 वर्षीय प्रियांशु की मौत ने ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़वाने और गांव में बच्चों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Tags:    

Similar News