Sambhal News: विकास घोटाले के आरोप, कागजों में सड़क-पुस्तकालय, जमीन पर कुछ नहीं, जांच के आदेश

Sambhal News: संभल के कमालपुर सराय में सड़क, पुस्तकालय और नाली के नाम पर लाखों की हेराफेरी के आरोप, जांच के आदेश

Update:2026-04-17 09:14 IST

Sambhal News(Photo-Social Media)

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले की ग्राम पंचायत कमालपुर सराय से विकास कार्यों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2021 से अब तक विकास के नाम पर केवल कागजों में योजनाएं चलाई गईं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नजर नहीं आता। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2022-23 में 75,240 रुपये पुस्तकालय निर्माण के नाम पर निकाले गए, लेकिन आज तक गांव में कोई पुस्तकालय नहीं बना। इसके बाद वर्ष 2023-24 में नाली और सीसी टाइल्स के नाम पर लाखों रुपये खर्च दिखाए गए, जबकि वास्तविकता में न तो नाली बनी है और न ही कहीं टाइल्स दिखाई देती हैं।

सबसे चौंकाने वाला मामला सड़क निर्माण से जुड़ा है। आरोप है कि मौ. रफी के मकान से लईक के मकान तक सड़क निर्माण के नाम पर कई किश्तों में लाखों रुपये निकाले गए, लेकिन जमीन पर सड़क का कोई अस्तित्व नहीं है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि जिन लोगों के नाम पर कार्य दिखाया गया है, वे गांव में रहते तक नहीं हैं। इसी तरह मौ. शमीम के घर से लईक के मकान तक सड़क निर्माण के नाम पर भी धन निकासी के आरोप लगे हैं, जबकि वहां भी कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ।

इसके अलावा, रिवर (रिवोर) और मिट्टी भराव के नाम पर भी धन निकाले जाने की बात सामने आई है। ताजा आरोपों के अनुसार, स्कूल की बाउंड्री वॉल, मरम्मत कार्य, पार्क और शौचालय निर्माण के नाम पर भी फर्जी बिल तैयार कर धनराशि निकाली गई और कथित तौर पर इसे करीबी लोगों के खातों में स्थानांतरित किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि सरकारी धन का सीधा दुरुपयोग और गबन है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या विकास कार्य केवल कागजों तक ही सीमित रहेंगे या इस बार सच्चाई जमीन पर दिखाई देगी। क्या गांव के नाम पर होने वाला यह कथित खेल रुकेगा या यूं ही चलता रहेगा? इस मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) चैतेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News