Sant Kabir Nagar News: गणेश विसर्जन में बवाल, सपा सांसद की गाड़ी पर पथराव, पुलिस ने सुरक्षित निकाला
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर के बखिरा में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे जब्त करने पर बवाल हो गया। उग्र भीड़ ने सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की गाड़ी पर पथराव कर शीशा तोड़ दिया, पुलिस ने सांसद को सुरक्षित निकाला।
Sant Kabir Nagar News
Sant Kabir Nagar News: जिले के बखिरा थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान अमरदोभा चौराहे के पास देर रात अचानक स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस द्वारा तेज आवाज में बज रहे डीजे को जब्त करने की कार्रवाई से आक्रोशित भीड़ ने उग्र रूप धारण कर लिया। इसी हंगामे के बीच वहां से गुजर रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद लक्ष्मीकांत निषाद के वाहन को उपद्रवियों ने घेर लिया और पथराव कर गाड़ी की खिड़की का शीशा तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सांसद को भीड़ के बीच से सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य की ओर रवाना कराया।
आपको बता दें कि गणेश विसर्जन जुलूस बखिरा कस्बे से पारंपरिक तरीके से शुरू हुआ था और अमरदोभा चौराहे से होते हुए धोधया नहर की ओर बढ़ रहा था। जुलूस में शामिल श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। आरोप है कि रात करीब 11:45 बजे पुलिस टीम ने मानकों से अधिक और अत्यधिक तेज ध्वनि में बज रहे डीजे वाहन की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने डीजे वाहन को जब्त कर थाने ले जाने की बात कही, जिससे जुलूस में शामिल लोग भड़क गए। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में गुस्साए लोग सड़क पर ही बैठकर नारेबाजी और प्रदर्शन करने लगे, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
जिस वक्त अमरदोभा चौराहे पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी चल रही थी, ठीक उसी समय सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद का काफिला उसी मार्ग से गुजर रहा था। सड़क पर जुटी उग्र भीड़ ने अचानक सांसद की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। देखते ही देखते माहौल और बिगड़ गया और भीड़ में शामिल असामाजिक तत्वों ने सांसद के वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। हमले में सांसद की गाड़ी का एक शीशा चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि मौके पर तैनात पुलिस बल ने तुरंत स्थिति को संभाला और तत्परता दिखाते हुए सांसद को सुरक्षित घेरे में लेकर वहां से बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सत्यजीत गुप्ता और एएसपी सुशील कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ अमरदोभा चौराहे पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और विसर्जन जुलूस को आगे रवाना कराया।मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सांसद के वाहन को सुरक्षा प्रदान की और उन्हें सुरक्षित निकाला।उन्होंने बताया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस प्रशासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने वाले फरार ऑपरेटर की सरगर्मी से तलाश की जा रही है, वहीं सांसद के वाहन पर हमले और तोड़फोड़ करने वाले उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।